अंबेडकर पुल 31 तक ​बंद, स्ट्रेची पुल पर हल्के वाहनों को ही अनुमति

यमुना किनारा, जीवनी मंडी रोड पर लगने लगा जाम 
आगरा, 20 जनवरी। जी 20 देशों के प्रतिनिधियों के यहां 10 से 13 फरवरी तक आगमन के मद्देनजर कई मार्गों को दुरुस्त किया जा रहा है। सभी मेहमान ताज कन्वेंशन होटल में बैठक करेंगे, इसके साथ ही ताजमहल, एत्माउददौला स्मारक देखने जाएंगे। वे जिस रास्ते से जाएंगे उन्हें ठीक किया जा रहा है। एत्माउददौला स्मारक आंबेडकर पुल से होकर जाना पड़ेगा, इसके लिए आंबेडकर पुल की मरम्मत का कार्य गुरुवार से शुरू कर दिया गया। अंबेडकर ​पुल को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। पुल पर 31 जनवरी तक वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। 
इस दौरान सेतु निगम की टीम अंबेडकर ​पुल की मरम्मत का कार्य करेगी। पुल के एक्सटेंशन ज्वाइंट की मरम्मत करके जैक फ्री किया जाएगा। इसके साथ ही पुल के सुरक्षा बिंदुओं की भी जांच की जाएगी, पेटिंग कर पुल को सुंदर लुक दिया जाएगा।
बाहर से आने वाले पर्यटक शाहदरा, अंबेडकर पुल, यमुना किनारा होते हुए ताजमहल और आगरा किला तक पहुंचते हैं और अंबेडकर पुल से होते हुए ही वापस लौटते हैं। पुल बंद होने से यमुना किनारा रोड होते हुए वाटरवर्क्स से जाना पड़ रहा है, इसी तरह से आने के लिए भी वाटरवर्क्स से यमुना किनारा रोड होते हुए वाहन आ रहे हैं। इससे जाम लगने लगा है। वहीं, स्ट्रीच ब्रिज पर हल्के वाहनों को ही जाने दिया जा रहा है। कार और भारी वाहन प्रतिबंधित हैं।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments