खबरें आगरा की.....
हेमटेक्स्टल 2023 में आगरा के निर्यातक भी शामिल
आगरा। नई दिल्ली विगत दिवस शुरू हुए व्यापार मेले में आगरा की भी चार निर्यातक कंपनियां भाग ले रही हैं। इनमें सी जे इंटरनेशनल, मांगलिक सेल्स और माया ट्रेडर्स व एक अन्य शामिल हैं। हेमटेक्स्टल 2023 नाम से शुरू हुआ यह आयोजन 13 जनवरी तक चलेगा।
ईपीसीएच के महानिदेशक राकेश कुमार ने बताया कि हेमटेक्स्टिल इंटीरियर टेक्सटाइल्स, इंटीरियर डिजाइन, होम फर्निशिंग्स और हाउसहोल्ड टेक्सटाइल्स के लिए दुनिया का सबसे बड़ा इवेंट है। यह व्यापार शो अपने नए उत्पादों और प्रवृत्तियों के साथ दुनिया भर से प्रदर्शन करने वाली कंपनियों और पेशेवर आगंतुकों दोनों को महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
ईपीसीएच के अध्यक्ष श्री राज कुमार मल्होत्रा ने कहा कि चीन के बाद भारत की भागीदारी दूसरी सबसे बड़ी भागीदारी है, लगभग 400 भारतीय प्रदर्शक शो का हिस्सा हैं। मेले में 120 से अधिक देशों के लगभग 2400 प्रदर्शक हेमटेक्स्टिल, 2023 में भाग ले रहे हैं।
---------------------
ताजमहल देखने आए दो अमेरिकी पर्यटकों में कोरोना मिला
आगरा। ताजमहल देखने आए अमेरिका के दो पर्यटकों में कोरोना मिला है। उनके 10 जनवरी को ताजमहल के पूर्वी गेट पर नमूने लिए गए थे। 12 जनवरी को रिपोर्ट आने पर उनमें कोरोना की पुष्टि हुई। हालांकि पर्यटक उसी दिन ताजमहल देखने के बाद जयपुर चले गए थे।
अमेरिका के करीब 15 सदस्यीय पर्यटकों का दल वाराणसी से नौ जनवरी को यहां आया था। सभी ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित एक होटल में रुके थे। 10 जनवरी को सभी ताजमहल देखने के लिए पहुंचे। पूर्वी गेट स्थित स्वास्थ्य विभाग के हेल्प डेस्क पर पर्यटकों के नमूने लिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अमेरिकी दल में शामिल 62 वर्ष के वृद्ध और 23 वर्ष के युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नमूने लेते समय दर्ज किए नंबरों पर संपर्क करने से पता चला कि अमेरिकी दल 10 जनवरी की शाम को ही ट्रेन से जयपुर के लिए रवाना हो गया था।
_________________________
आगरा। दुनिया के दूसरे अजूबे ताजमहल पर एक विदेशी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, "दुनिया के शीर्ष स्मारकों में से एक क्यों है ताजमहल? यहां व्हील चेयर तक की सुविधा नहीं है। मेरे ब्रदर इन लॉ को मेरी दिव्यांग भाभी को 22 सीढ़ियां ऊपर और नीचे जाना था। यह न केवल अशोभनीय है, बल्कि पूरी तरह से खतरनाक भी है।"
अमेरिका के टूरिस्ट एडम वॉकर ने ताजमहल के एक कड़वे अनुभव का ट्विटर पर वीडियो शेयर किया है। उन्होंने ताज के मुख्य मकबरे पर दिव्यांग के लिए व्हील चेयर ले जाने की व्यवस्था न होने पर पीड़ा जाहिर की है। उनके वीडियो को अब तक 20 हजार लोग देख चुके हैं।
छह जनवरी को ताजमहल घूमने आए थे एडम वॉकर अमेरिका के न्यूयार्क में अंतरराष्ट्रीय डाटा कंपनी में इंजीनियर हैं। वह अपनी भारतीय मूल की पत्नी, साले और सलहज के साथ ताजमहल घूमने आए थे। एडम के साले की पत्नी दिव्यांग हैं। ऐसे में उन्हें व्हील चेयर से ताजमहल के अंदर ले जाया गया। मगर, ताजमहल के मुख्य मकबरे पर ले जाने के लिए उनके साले को पत्नी को गोद में उठाना पड़ा। मुख्य मकबरे की 22 सीढ़ियां चढ़ने और उतरने में उन्हें काफी परेशानी हुई।
_________________
Post a Comment
0 Comments