हरिपर्वत से दीवानी चौराहे तक दिखी मानव श्रृंखला
आगरा। श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के चार साहिबजादों के शहीदी सप्ताह के अवसर पर गुरुवार को हरिपर्वत चौराहे से दीवानी चौराहे तक मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया।
सुखमनी सेवा सभा द्वारा आयोजित इस मानव श्रृंखला में करीब पंद्रह स्कूलों के हजारों स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग किया। गुरु की महिमा का बखान करते हुए शब्द कीर्तन की धुन जोश पैदा कर रही थी। महात्मा गांधी मार्ग पर अपनी गाड़ियों में चल रहे लोग भी जयकारों में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुद्वारा गुरु का ताल प्रमुख संत बाबा प्रीतम सिंह एवं सिटी मजिस्ट्रेट आनंद सिंह ने किया। सुखमनी सेवा सभा के वीर महेंद्र पाल सिंह, बंटी ग्रोवर ने समस्त स्कूलों के प्रबंधकों को कार्यक्रम में सहभागिता व सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। संचालन गुरमीत सिंह सेठी ने किया। महंत निर्मल गिरी, श्री गुरुसिंह माईथान के प्रधान सरदार कंवलदीप सिंह, स्त्री सिंह सभा की अध्यक्ष रानी सिंह, रबी दुबे आदि मंचासीन रहे। कार्यक्रम में मनीष नागरानी, रिंकू गुलाटी, विक्की लूथरा, मयंक, योगेश, राजा आहूजा, रोहित कत्याल, अमृत वेला परिवार, वत्सला प्रभाकर, दीपक सरीन आदि का सहयोग रहा। शहीद नगर गुरुद्वारे की तरफ से हरपाल सिंह एवं कुलवंत कौर के नेतृत्व में भी बच्चों ने भाग लिया।
सिख समाज द्वारा शहर में 21 से 27 दिसंबर तक चार साहिबजादों का शहीदी सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले भर में कई जगह कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसी के तहत मानव श्रृंखला बनाई गई। मानव श्रृंखला में चार साहिबजादों और उनकी दादी के बलिदान के बारे में लोगों को बताया गया। गुरु का ताल स्थित गुरुद्वारा के गुरनाम सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चार साहिबजादों के शहीदी दिवस के रूप में 24 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित किया है। इसके लिये सिख समाज ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापन किया।
Post a Comment
0 Comments