खबरें आगरा की.........

विधि विधान से किया भट्टी पूजन, छप्पन भोग महोत्सव 25-26 को
आगरा। वैदिक मंत्रों की पवित्र ध्वनि के बीच विधि-विधान के साथ गुरुवार को गोवर्धन में दिव्य छप्पन भोग महोत्सव स्थल पर श्री शरणानंद आश्रम के महन्त हरिओम ने भट्टी पूजन सम्पन्न कराया। श्रीगिरिराज जी सेवा मण्डल द्वारा 25-26 दिसम्बर को गोवर्धन तलहटी, आन्यौर परिक्रमा मार्ग स्थित श्री शरणानंद जी के आश्रम में छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
सेवा मण्डल के संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह संस्थापक मयंक अग्रवाल व अध्यक्ष रविन्द्र गोयल ने भट्टी पर स्वास्तिक बनाकर व पुष्प अर्पित कर पूजन व अग्नि प्रज्ज्वलित की। नितेश अग्रवाल ने बताया कि छप्पन भोग महोत्सव में कलकत्ता के कारीगरों द्वारा तैयार पोशाक को द्वारिकाधीश मंदिर मथुरा के महन्त शरद शंकर द्वारा गिरिराज जी महाराज को धारण करा कर का अलौकिक श्रंगार किया जाएगा। वैष्णव पद्धति से बनाए गए विभिन्न प्रकार के 12 हजार 551 किलो व्यंजनों से गिर्राज जी महाराज को छप्पन भोग समर्पित किए जाएंगे। ठाकुर जी का अलौकिक श्रृंगार, भव्य फूल बंगला व जगमग रोशनी की सजावट के साथ ठाकुर जी के लिए महल का निर्माण किया जाएगा। 
उन्होंने बताया कि 25 दिसम्बर को प्रातः गिरिराज जी महाराज का गोविन्दाभिषेक किया जाएगा। इसके उपरान्त गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा लगाई जाएगी। 26 दिसम्बर को प्रातः साधु सेवा, दोपहर में भंडारा व छप्पन भोग के दर्शन होंगे। सांय काल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर नरेन्द्र गर्ग, नीरज मित्तल, मयंक गर्ग, मयंक अग्रवाल, अजय सिंघल, रविन्द्र गोयल, बाल मुकुन्द, नीरज अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
_________________________
आगरा की उर्वशी कांडा को मिसेज दिल्ली एनसीआर 2022 टाइमलेस ब्यूटी खिताब 
आगरा। शहर की उर्वशी कांडा ने दिल्ली में आयोजित मिसेज दिल्ली एन सी आर ब्यूटी पेजेंट का खिताब जीतकर आगरा का नाम रौशन किया है। 
खंदारी के फ्रेंड्स पैराडाइस की रहने वाली उर्वशी कांडा ने ग्लैमर गुड़गांव की ओर से स्तन कैंसर को समर्पित मिसेज दिल्ली एनसीआर 2022 ब्यूटी पेजेंट प्रतियोगिता में भाग लिया था। फिनाले का आयोजन गुरुग्राम के होटल द लीला एमबीन्स में किया गया था, जिसमे उर्वशी कांडा को अभिनेत्री सिमोन सिंह ने मिसेज दिल्ली एनसीआर 2022 टाइमलेस ब्यूटी के खिताब से सम्मानित किया।
34 वर्षीय उर्वशी मेकअप आर्टिस्ट हैं। वह दो बच्चों की मां हैं। उन्होंने अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाते हुए यह खिताब हासिल किया है। गुरुग्राम में दिल्ली एनसीआर की 5200 महिलाओं ने अपनी दावेदारी के लिए प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था जिसमें से 80 महिलाओं का फाइनल के लिए चुनाव किया गया था। सभी को पछाड़ते हुए उर्वशी कांडा ने ये ख़िताब अपने नाम किया। उर्वशी ने बताया कि वह अब देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रही हैं। 
___________________________
प्रथम राज्य आइस स्ट्रोक प्रतियोगिता 24 से आगरा में 
आगरा। प्रथम राज्य आइस स्ट्रोक प्रतियोगिता यहां एकलव्य स्टेडियम में 24 से 25 दिसंबर तक होगी। यह जानकारी उत्तर प्रदेश आइस स्ट्रोक एसोसिएशन की सचिव डा. किरण कश्यप ने आज माल रोड स्थित होटल किरणदीप में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 12  महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो दो से चार फरवरी 2023 तक गुलमर्ग, कश्मीर में होने वाली नौवीं नेशनल आइस स्ट्रोक चैंपियनशिप में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता में आगरा के अलावा मथुरा, कासगंज, अलीगढ़, लखनऊ, कानपुर आदि शहरों के लगभग 60-70 खिलाड़ी शिरकत करेंगे। आगरा में एकलव्य स्टेडियम के बास्केटबाल कोर्ट पर 24 दिसंबर को एक वर्कशाप किया जाएगा। जिसमें खिलाड़ियों को खेल के बारे में समझाया जाएगा। इसके अलावा अन्य तकनीकी जानकारियां दी जाएंगी। इसके पश्चात 25 दिसंबर को प्रतियोगिता होगी। इस खेल में कई दंपती भी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 14 से 17 साल तक जूनियर और 18 वर्ष से अधिक किसी भी उम्र के खिलाड़ी सीनियर खिलाड़ी के रूप में इसमें भाग ले सकते हैं।
_______________________


अटल गीत गंगा में बहेंगे देशभक्ति स्वर
आगरा। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस की पूर्व बेला पर अटल गीत गंगा आयोजन समिति द्वारा 11वें अटल गीत गंगा कार्यक्रम का आयोजन 23 दिसम्बर को सुबह 11 बजे से सचदेवा मिलेनियम सभागार, शास्त्रीपुरम में किया जा रहा है। जिसमें प्रख्यात गीतकार सुधीर नारायण स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 51 रचनाओं को संगीत के सुरों में पिरोएंगे। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन व प्रतिष्ठित लोग भाग लेंगे।  
अटल गीत गंगा आयोजन समिति के संयोजक अशोक कुमार चौबे ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नवनीत चहल व अध्यक्षता सचदेवा मिलेनियम के निदेशक राजेन्द्र सचदेवा करेंगे। इस अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी व उत्कृष्ठ कार्य करने वाले पांच लोगों को अटल सम्मान से सम्मानित भी किया जाएगा। जिसमें डॉ. वीके गुप्ता, डॉ. शिवसागर शर्मा, डॉ. अपर्णा राजावत, मुकुल पाण्डया व सुधीर नारायण शामिल होंगे।
________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments