कमलानगर में युवती घर में मृत मिली, गले पर निशान
आगरा, 21 दिसम्बर। थाना कमला नगर क्षेत्र के न्यू राधानगर में आज बुधवार शाम को एक युवती का शव संदिग्ध हालात में घर में पड़ा मिला। उसके गले पर निशान बना हुआ था। वह घर में अकेली थी। मां और भाई बाहर काम से गए थे। युवती से मिलने के लिए उसकी बहन आई थी। तब घटना का पता चला। पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बल्केश्वर के न्यू राधा नगर निवासी हीरा सिंह की मौत हो चुकी है। उनकी पांच बेटियां और एक बेटा है। चार बेटियों की शादी हो चुकी है। पांचवीं बेटी नीतू अविवाहित थी। बुधवार को नीतू का शव घर में पड़ा मिला। पुलिस उपायुक्त नगर विकास कुमार ने बताया कि शाम को सूचना मिली थी कि घर में एक युवती की मौत हो गई है। इस पर थाना कमलानगर पुलिस मौके पर पहुंची। घर में फर्श पर नीतू का शव पड़ा हुआ था।
उसकी मां पुष्पा ने बताया कि वह बेटे के साथ सुबह नौ बजे काम से एत्मादपुर तहसील गई थी। शाम को उसकी शादीशुदा बेटी घर पर आई थी। तब उसने नीतू का शव देखा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। वह पड़ोसी के मकान से अपने घर में गई थी। तब उसे बहन की लाश पड़ी मिली।
बताया गया है कि नीतू के गले में दुपट्टा भी पड़ा हुआ था। पुलिस ने उसकी बहन से भी पूछताछ की। पहले वह यह बता रही थी कि नीतू फंदे से लटकी हुई थी। बाद में वह फर्श पर पड़ा होने के बारे में कहने लगी। पुलिस मानना है कि अगर, नीतू का शव फंदे पर लटका था तो आत्महत्या की आशंका है। ऐसे में सवाल है कि उसने आत्महत्या क्यों की होगी? अगर, उसकी हत्या की गई तो इसका कारण क्या है। हत्या कौन कर सकता है।
थानाध्यक्ष कमला नगर विपिन गौतम ने बताया कि युवती ने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या की गई। इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
Post a Comment
0 Comments