ब्रजेश पाठक से नाराज सविता समाज
आगरा, 24 नवम्बर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बयान पर यहां सविता समाज के लोगों में खासा उबाल है। आज गुरुवार को दर्जनों लोगों ने जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी किसी भी जाति को अपमानित करने का अधिकार नहीं है। लोगों ने विरोध जताते हुए कहा कि उप मुख्यमंत्री का बयान उनकी मानसिकता को प्रदर्शित करता है। नाराज सविता समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री योगी को संबोधित ज्ञापन प्रशासिनक अधिकारियों को दिया।
सविता समाज के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद मथुरिया ने बताया कि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा एक टीवी चैनल पर दिए साक्षात्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कोविड के दौरान दी गई सहायता पर बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सविता समाज की जाति को 'नऊआ' कहकर संबोधित किया था। वीडियो वायरल होने के बाद समाज के लोगों में आक्रोश फूट पड़ा। नाराज लोगों का कहना है कि उप मुख्यमंत्री ने उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि ब्रजेश पाठक को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जगह-जगह उनके पुतले फूंके जाएंगे।
सविता समाज के नेताओं का कहना है कि सविता समाज के ज्यादातर लोग भाजपा के समर्थक हैं, लेकिन ऐसे शब्दों को इस्तेमाल करके पाठक ने समाज को नाराज किया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अल्केश सविता का कहना है कि उप मुख्यमंत्री को किसी भी समाज को उसकी जाति का नाम लेकर संबोधित नहीं करना चाहिए। आगामी चुनाव में सविता समाज का वोट बैंक भाजपा से छिटक जायेगा।
ब्रजेश पाठक के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर लोग सक्रिय हो गए हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया जा रहा है।
__________
Post a Comment
0 Comments