खेरिया हवाई अड्डे पर विजिटर लाउंज का निर्माण शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
आगरा, 07 सितम्बर। यहाँ खेरिया हवाई अड्डे से फ्लाइट में सवार होने वाले यात्रियों को वायुसेना की बंदिशों में शिथिलता मिलने की तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि इसमें अभी चार माह या अधिक समय लग सकता है।
दरअसल, हवाई अड्डे के लिए अर्जुन नगर गेट पर विजिटर लाउंज बनाने का काम शुरू हो गया है। इसे चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। खेरिया हवाई अड्डे के निदेशक ए. ए. अंसारी ने बताया कि प्रस्तावित विजिटर लाउंज अर्जुन नगर गेट से करीब पच्चीस मीटर ही दूर होगा। इसके तैयार हो जाने पर यात्रियों के वाहनों को सीधे विजिटर लाउंज तक आने दिया जायेगा। यहां सुरक्षा सम्बन्धी सभी चेकिंग के बाद उनके वाहनों को आगे जाने दिया जाएगा। यहां एक बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी, जो लोग बस से जाना चाहेंगे उन्हें भी एयरपोर्ट तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को छोड़ने जाने वाले ड्राइवरों को अपना आधार कार्ड या अन्य कोई पहचान पत्र जमा कराना होगा। यात्री को छोड़कर लौटते समय यह पहचान पत्र लौटा दिया जाएगा। विजिटर लाउंज में यात्रियों के बैठने की भी व्यवस्था होगी। यहीं पर फ्लाइटों की जानकारी के लिए डिस्प्ले भी लगाया जाएगा।
अंसारी ने बताया कि विजिटर लाउंज के लिये नींव खोदाई के साथ ही निर्माण सामग्री पहुंच गई है। लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से इसे तैयार किया जाना है। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया ने इसके निर्माण के लिए पिछले महीने ही टेंडर कर दिया था। विजिटर लाउंज अर्जुन नगर गेट पर एक एकड़ में बनाया जा रहा है। यह जमीन वायु सेना ने उपलब्ध कराई है।
गौरतलब है कि यात्री उड़ानें एयरफोर्स के अधीन खेरिया हवाई अड्डे से ही संचालित होती हैं। इसकी वजह से अर्जुन नगर गेट से प्रवेश के दौरान सुरक्षा कारणों से उन्हें असुविधा होती है। यात्रियाें के वाहनों को अर्जुन नगर गेट पर ही रोक दिया जाता है। यहां से हवाई अड्डे तक का सफर खेरिया हवाई अड्डा प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराई गई बस से करना होता है। इसके लिए उन्हें काफी इंतजार करना पड़ जाता है। कई बार बस में आने काफी देर लग जाती है तो कभी अर्जुन नगर गेट से टर्मिनल के लिए तभी रवाना होती है, जब वह भर जाती है। यात्रियों के इंतजार में काफी देर तक गेट पर ही ये बस खड़ी रहती है। इससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
विजिटर लाउंज बनने के बाद ये समस्या दूर हो जाएगी।
-------------------------------
Post a Comment
0 Comments