रिटायर्ड सीओ को जान का खतरा, बेटे-बहू पर लगाये आरोप

आगरा, 08 सितम्बर। थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित कटरा उमर खां निवासी और पुलिस से रिटायर्ड क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने अपने बेटे और बहू से जान का खतरा जताया है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से बेटे से मकान खाली करवाने की गुहार लगाई है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रियाज अहमद करीब दस साल पहले पुलिस की लोकल इंटेलिजेंस यूनिट में सीओ के पद से रिटायर हुए थे। उनका आरोप है कि बेटा अरशद व बहू सूफिया उनका मकान हड़पना चाहते हैं। इसके लिए वे गम्भीर मानसिक प्रताड़ना दे चुके हैं। बेटे-बहु ने उन्हें विगत छह फरवरी को घर से भगा दिया था। उन्होंने धमकी दी थी कि वह रात में रुके तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
रियाज का आरोप है कि जान बचा कर वह अलीगढ़ में अपनी बेटी जूही के घर पर रुके। यहां से उन्होंने कोर्ट में नोटरी करवाकर बेटे-बहू को बेदखल कर दिया। इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों, थाना प्रभारी ताजगंज को देने के साथ अखबार में भी इश्तिहार देकर छपवा दिया।
यह मकान उन्होंने अपनी नौकरी के दौरान बचाई रकम से खरीदा था। इस पर बेटे का कानूनी हक नहीं है। बेटे ने थाना पुलिस को लिखित में कहा कि पिता के आते ही मकान को खाली कर देगा। वापस आने पर वह समझौता कर मकान उसे देने का दबाव बना रहा है।
रिटायर्ड सीओ का आरोप है कि उनका बेटा उन्हें धमकी देता है कि पुलिस से उसकी सेटिंग है। हाल ही में वह परिवार परामर्श केंद्र के एक काउंसलर को मुकदमा लिखवा कर जेल भिजवा चुका है। घर पर वह बेटे व बहु के साथ अकेले रहते हैं। उन्हें अपना खाना खुद बनाना पड़ता है। पानी भी खुद ही लेकर आते हैं। उन्हें डर है कि बेटा कहीं उन्हें जहर न खिला दे।
रियाज का कहना है कि उन्होंने अपनी पत्नी को वर्ष 2016 में हज करने अरब भेजा था। इस दौरान एजेंट ने उनके साथ धोखाधड़ी कर दी थी। अरब में काफी परेशानियां आयी थीं और वापस आने के बाद हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गयी थी।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments