खबरें आगरा की.........
प्रदेशीय हॉकी में आगरा के छह ऑफिशियल बुलाये गये
आगरा। बुलन्दशहर में होने जा रही 66वीं प्रदेशीय माध्यमिक हॉकी प्रतियोगिता के लिए आगरा से छह ऑफिशियल का चयन हुआ है।
आगरा हॉकी संघ के टेक्निकल डायरेक्टर डॉ. जयशंकर यादव की सूचनानुसार पर चयनित ऑफिशियलों में संजय गौतम, प्रशांत शुक्ला, शाहिद अली, अमित सक्सेना, धर्मेश सिंह, मधु कुमारी शामिल हैं। प्रतियोगिता 16 से 19 सितंबर तक बुलन्दशहर में खेली जायेगी।
आगरा हॉकी संघ के अध्यक्ष डॉ. कमल चौधरी डॉ हरि सिंह यादव, संजय तिवारी, रीनेश मित्तल, मीनाक्षी पोपली, गौरव रौतेला, अमरजीत सिंह, शाहिद अंसारी, धीरज मदान, वीरेंद्र सिंह, कृति शर्मा व संध्या पंडित ने सभी को शुभकामनाएं दी हैं।
---------------------
ताज प्रेस क्लब भवन का एक हिस्सा ढहा
आगरा। दो दिन से बुधवार हो रही बारिश का असर गुरुवार सुबह देखने को मिला। घटिया चौराहे के निकट स्थित ताज प्रेस क्लब का एक हिस्सा भरभरा कर गिर पड़ा। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि घटिया क्षेत्र में कई स्कूल संचालित हैं। सुबह का समय था। अधिकतर स्कूल 7:45 पर शुरू हो जाते हैं। हादसा लगभग आठ बजे हुआ। अधिकतर स्कूलों के बच्चे निकल चुके थे। अगर यह हादसा थोड़ी देर पहले हुआ होता तो किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। यहां से काफी संख्या में छात्र-छात्राएं पैदल ही अपने स्कूल पहुंचते हैं।
यह नगर निगम की बिल्डिंग है जो ताज प्रेस क्लब को दी गई है। सही से रखरखाव न होने के कारण इस बिल्डिंग का एक हिस्सा काफी जर्जर था।
लगातार हो रही बारिश के कारण जर्जर हो चुकी बिल्डिंग का वही हिस्सा धराशाई हो गया।
------------
आगरा में मदरसों का सर्वे शुरू
आगरा। प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद गुरुवार को जिले में मदरसों का सर्वे शुरू हो गया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रशांत कुमार के निर्देशन में टीम धनौली के मदरसे में पहुंची। टीम ने यहां पर बच्चों की पढ़ाई को लेकर मदरसे के मुफ्ती से जानकारी ली। टीम मदरसे में करीब आधे घंटे तक रुकी। बच्चों को राष्ट्रगान के बारे में जानकारी नहीं थी। जब उनसे कहा गया कि जन गण मन सुनाओ तब कुछ बच्चे राष्ट्रगान सुना पाए।
प्रदेश सरकार द्वारा गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के सर्वे के निर्देश दिए हैं। आगरा में 120 मदरसे हैं जो मान्यता प्राप्त हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में बिना मान्यता प्राप्त वाले मदरसे भी संचालित हैं। गुरुवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रशांत कुमार सदर तहसील अंतर्गत धनौली नई बस्ती में संचालित मदरसा दरुस्सलम पहुंची। मदरसा मान्यता प्राप्त नहीं है।
टीम ने मदरसे के मुफ्ती इमरान कुरैशी से 12 बिंदुओं पर जानकारी मांगी। उन्होंने बच्चों को क्या पढ़ाया जा रहा है। मदरसे की स्थापना कब हुई। कितने बच्चे पढ़ रहे हैं और मदरसे की आय का स्रोत क्या है। इन सबकी जानकारी ली। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी का कहना है कि मदरसे के सर्वे में स्थिति संतोष जनक मिली है।
मदरसे में पढ़ने वाले बच्चों से प्रधानमंत्री और उप्र के मुख्यमंत्री का नाम पूछा गया। एक बच्चा उनके नाम नहीं बता पाया। दूसरे बच्चे ने उनके नाम बता दिए । बच्चों ने बताया कि उन्हें अंग्रेजी, हिंदी भी पढ़ाई जाती है। बच्चों से जब अंग्रेजी की कविता सुनने का कहा गया तो वो कविता नहीं सुना पाए। राष्ट्रगान सुनाने का कहा तो वो एक दूसरे के चेहरे देखने लगे। मदरसे के शिक्षक ने कहा कि जन गण मन सुनाओ, तब कुछ बच्चे राष्ट्रगान सुना पाए। बच्चों को यमुना नदी कहां से बहती है, ये भी जानकारी नहीं थी। मदरसे के मुफ्ती ने बताया कि टीम ने जब उन्हें सर्वे के लिए आने की जानकारी दी, तब तक मदरसे में बच्चों की छुट्टी हो चुकी थी। बच्चों को घर से बुलाया गया।
--------
सीडीओ से हॉट-टॉक के बाद निलंबित शिक्षिका धरने पर बैठी
आगरा। जिला विकास अधिकारी (सीडीओ) से हॉट-टॉक का वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित की गई शिक्षिका स्कूल में धरने पर बैठ गई हैं। उनके साथ बच्चे भी धरने पर बैठे हैं। बच्चों का कहना है कि वो अपनी टीचर को नहीं जाने देंगे।
जगदीशपुरा के नगला अजीता में कंपोजिट विद्यालय है। विद्यालय की हेड कीर्ति दुबे और सहायक अध्यापिका अलका पालीवाल के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सीडीओ ने दोनों को तलब किया था। जब अलका पालीवाल सीडीओ से मिलने गई थीं तो उन्होंने फेसबुक पर लाइव किया था। सीडीओ से हुई हॉट-टॉक का वीडियो उनके सोशल मीडिया अकाउंट से लाइव हो गया। ये वीडियो वायरल हुआ। इसमें सीडीओ स्कूल में फेसबुक लाइव करने पर नाराजगी जता रहे हैं। शिक्षिका द्वारा अपनी बात कहने पर उन्होंने गलत टोन में बात करने की बात कहते हुए सस्पेंड कराने और एफआईआर कराने की बात कही। बाद में गेट आउट कहते हुए शिक्षिका को बाहर कर दिया। शिक्षिका भी सस्पेंड करने पर धरना देने की बात कहते हुए चली आई थीं।
सीडीओ से हॉट-टॉक के बाद बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने अलका पालीवाल को निलंबित कर दिया था। गुरुवार को शिक्षिका स्कूल गई। स्कूल की छुट्टी के समय स्कूल की इंचार्ज शिक्षिका कीर्ति दुबे ने शिक्षिका अलका पालीवाल को निलंबन आदेश दिया। शिक्षिका का कहना है कि जब तक उनके खिलाफ साजिश रचने वालों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वह धरने पर बैठी रहेंगी।
Post a Comment
0 Comments