भाजपा पार्षद धरने पर, माननीय का चहेता अधिकारी लगा रहा अड़ंगा!

आगरा, 05 सितम्बर। नगर निगम में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के एक पार्षद अधिकारियों के रवैए से नाराज होकर निगम में ही आज धरने पर बैठ गए। साथी पार्षदों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। आरोप है कि एक अधिशासी अभियंता ने जान बूझकर उनके वार्ड में कार्यों का टेंडर अपलोड नहीं किया। बताया जाता है कि यह अधिकारी नगर निगम के एक माननीय का चहेता है और कई कार्यों में उसका दखल रहता है।
कमलानगर के क्षेत्र के वार्ड 87 के भाजपा पार्षद रवि शर्मा सोमवार दोपहर को नगर निगम में धरने पर बैठ गए। पार्षद को धरने पर बैठा देख उनके साथी पार्षद आ गए। उन्होंने रवि शर्मा से धरने पर बैठने का कारण पूछा। पार्षद ने बताया कि नगर आयुक्त ने 456 टेंडर को स्वीकृति दी थी। इसमें 455 टेंडर अपलोड होकर निकल गए, लेकिन केवल उनके वार्ड का ही टेंडर वेबसाइट पर अपलोड नहीं हुआ, जबकि उनकी वार्ड की फाइल तैयार थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक्सईएन ने जानबूझ कर उनका टेंडर अपलोड नहीं किया। वह दो दिन से लगातार एक्सईएन से टेंडर अपलोड करने को कह रहे थे। आज सोमवार की सुबह भी उन्हें याद दिलाई। इसके बाद भी केवल उनके वार्ड का ही टेंडर रोक दिया गया। यह टेंडर जानबूझकर रोका गया है।
पार्षद का कहना है कि उनके वार्ड में कई सड़कों पर इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण का काम काफी समय से लंबित था। वे काम कराने के लिए प्रयासरत थे। मगर, उनका टेंडर न निकलने से अब काम नहीं हो पाएगा। कुछ दिनों में आचार संहिता लग जाएगी। ऐसे में जनता का काम नहीं हो पाएगा। 

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments