ताजमहल के निकट बेसमेंट खोदा, मकानों में आईं दरारें
आगरा, 08 सितम्बर। ताजमहल के पांच सौ मीटर के दायरे में बेसमेंट के लिए खुदाई कराने से 12 से ज्यादा मकानों में दरारें आ गईं हैं। मकानों में रहने वाले करीब 300 लोग दहशत में हैं। शिकायत के बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है।
दरअसल, ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में निर्माण कार्य कराने या मरम्मत के लिए पुरातत्व विभाग समेत कई विभागों से अनुमति लेनी होती है, लेकिन यहाँ बिना अनुमति के निर्माण कार्य जारी है। आरोप है कि वार्ड 98 के सपा पार्षद सुनील राठौर अवैध निर्माण करवा रहे हैं। उन्होंने अपने प्लाट के निर्माण को तुड़वाकर वहां बेसमेंट खुदवा दिया है। इसके चलते आसपास के मकानों के गिरने का खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय निवासी कफील का कहना है कि यह जगह ताजगंज गढ़ैया के नाम से जानी जाती है। पार्षद ने पहले अपने निर्माण के लिए नाला चोक कर दिया। उससे घरों में सीलन आ गयी और फिर बेसमेंट खुदवाया, जिससे मकानों में दरारें पड़ गईं। अब घरों में सोने से डर लग रहा है।
इस बारे में पार्षद सुनील राठौर का कहना है कि पूरे ताजगंज में ऐसे ही बिना अनुमति निर्माण होते हैं। कभी कोई अनुमति नहीं ली जाती है।
एसडीएम के अनुसार, शिकायत मिलने पर काम रुकवाया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते नगर निगम ने तांगा स्टैंड पर सार्वजनिक शौचालय बनाया था।
अनुमति न होने पर पुरातत्व विभाग ने शिकायत की। इस पर शौचालय को बुलडोजर से ढहा दिया गया था।
Post a Comment
0 Comments