राम बारात आज, राममय हुआ शहर, व्यापक तैयारियां
आगरा, 21 सितम्बर। शहर में आज बुधवार की सायंकाल निकाली जाने वाली राम बारात के लिए पूरा शहर राममय होता लग रहा है। नगर की मुख्य रामलीला कमेटी ने उत्तर भारत की सर्वश्रेष्ठ मानी जाने वाली इस राम बारात को समय से निकालने के लिये कमर कस ली है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भी रामबारात और जनकपुरी महोत्सव के लिये व्यापक प्रबंध किए हैं। बरात और जनकपुरी के मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित किया गया है। बारात मार्ग को सेक्टरों और ज़ोन में बांटकर अधिकारियों और सुरक्षा बलों की ड्यूटी लगाई गई है।
राम बारात में करीब सौ झांकियाँ निकाले जाने की तैयारियां हैं। तेरह बैंड भी बारात का हिस्सा बनेंगे। शहर ही नहीं आस-पास के जिलों से भी झांकियाँ राम बारात में शामिल होने आ रही हैं। पूरे बारात मार्ग पर बाजार कमेटियों द्वारा बारात के स्वागत की तैयारियां की जा रहीं हैं। चाट-पकौड़ी, मिठाई, नमकीन वालों ने भी अपनी दुकानें और ठेलें सजा ली हैं।
रामलीला कमेटी के राम बारात प्रभारी मुकेश अग्रवाल ने बताया कि बारात के संचालन हेतु चार केन्द्र बनाये गये हैं। पहला केन्द्र यमुना किनारा होटल रिवर व्यू पर, दूसरा दरेसी, तीसरा पथवारी एवं चौथा फुलट्टी बाजार पर होगा। राम बारात रावतपाड़ा तिराहे से प्रारम्भ होकर नगर परिक्रमा करेगी और अगले दिन प्रातः जनकपुरी पहुंचेगी। मीडिया प्रभारी राहुल गौतम के अनुसार, बारात का यू-ट्यूब एवं फेसबुक के माध्यम से रावतपाड़ा तिराहे से लाइव प्रसारण किया जायेगा।
इससे पूर्व मंगलवार की शाम राजा दशरथ बने संजय मित्तल के कमलानगर स्थित निवास पर राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न के स्वरूपों को मेहंदी लगाने की रस्म हुई। इस दौरान भव्य भजन संध्या का आयोजन भी किया गया।
जनकपुरी में राजा जनक बने आलोक अग्रवाल के दयालबाग स्थित बीएम फार्म हाउस पर भी जानकी और उनकी सखियों के स्वरूपों के हाथों पर मेहंदी लगाई गई। इस दौरान भजनों की मधुर स्वर लहरी कानों में भक्ति संगीत का रस घोलती रही।
गौरतलब है कि कोरोनाकाल में वर्ष 2020 व 2021 में रामलीला का आयोजन नहीं हो सका था, इस कारण रामलीला कमेटी के सदस्यों ही नहीं शहरवासियों में भी इस बार खासा जोश नजर आ रहा है।
Post a Comment
0 Comments