मदरसों की जांच पर बोले उपमुख्यमंत्री, हर संस्था को कानून का पालन करना होगा

आगरा, 10 सितम्बर। प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री  ब्रजेश पाठक ने आज शनिवार को यहाँ कहा कि मदरसों की जांच और सर्वे को अन्यथा नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर संस्था को कानून का पालन करना होगा। किसी भी गैर कानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसकी जांच होने दें, किसी का भी अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होने दिया जायेगा। 
एक दिन के दौरे पर आए पाठक पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने सर्किट हाउस में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चुनावी तैयारियों पर बैठक की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने ग्राम बाईपुर, सिकन्दरा स्थित कन्हैया गौशाला का भौतिक निरीक्षण किया तथा गौवंशीय लम्पी बीमारी के दृष्टिगत् साफ-सफाई के निर्देश दिये एवं गायों को अपने हाथों से चारा खिलाकर गौपूजन किया तथा गायों के लिये हरा चारा व पशुआहार की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये। उसके बाद ग्राम बाईपुर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया तथा ग्राम सचिवालय की उचित व्यवस्था देखकर सराहना की और उन्होंने उपस्थित ग्रामवासियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए डिप्टी सीएम ने आगामी लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी सीटों पर जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चार बार की हार से हताश हैं। वर्ष 2024 के चुनावों में विपक्षी पार्टियां पूरी तरह खत्म हो जाएंगी। 
विकास कार्यों की चर्चा करते हुए पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग साल में दो बार संचारी रोग निरोधक अभियान चला रहा है। हर गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नजर रखी जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूलों का भी कायाकल्प हो रहा है। विकास में आगरा जनपद शीघ्र नम्बर एक होगा।
उपमुख्यमंत्री के दौरे के दौरान राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे, महापौर  नवीन जैन, जिला पंचायत अध्यक्षा मंजू भदौरिया, विधायकगण बाबूलाल, डा. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, सदस्य विधान परिषद विजय शिवहरे, जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ए.मनिकण्डन  व अन्य अधिकारीगण आदि मौजूद रहे।
---------------

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments