News At A Glance...........

कागज व्यापार मंडल ने पेपर डे मनाया
आगरा। कमलानगर स्थित मधुबन सोसायटी पार्क में कागज व्यापार मंडल द्वारा फेडरेशन पेपर ट्रेडर्स एशोसियेशन आँफ इन्डिया के तत्वावधान में आज पेपर डे मनाया गया।
अध्यक्ष प्रदीप जैन ने कहा कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य समाज में फैली इस भ्रांति को दूर करना है कि सभी प्रकार के काग़ज बनाने के लिए पेड़ काटे जाते हैं। कुल उत्पादित कागज का 86% भाग वेस्ट पेपर व भूसी से बनता है, सिर्फ 14% लकड़ी की बॉम्बो से बनता है, उसमें भी जंगल की लकड़ी का प्रयोग नहीं किया जाता है, पेपर मिलों का अपना ट्री प्लांटेशन होता है, उसी लकड़ी का प्रयोग किया जाता है। कागज प्लास्टिक की जगह प्रयोग करने से वातावरण को भी प्रदूषित होने से रोकने में सहयोग करता है।
कार्यक्रम में आगरा कागज व्यापार मंडल के सचिव विवेक जैन, कोषाध्यक्ष मोहित गर्ग, फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष राजीव अग्रवाल व विजय बंसल, सतीश अग्रवाल व मनोज जैन के साथ अन्य पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
-------------------------
ताज हेरिटेज कारिडोर पर सांकेतिक जलार्पण
आगरा। अखिल भारत हिंदू महासभा ने ताजमहल को भगवान शिव का मंदिर बताते हुए ताज हेरिटेज कारिडोर पर आज सांकेतिक जलार्पण किया। हालांकि पुलिस ने महासभा के प्रमुख पदाधिकारियों को घरों में नजरबंद कर दिया था।
अखिल भारत हिंदू महासभा के विभाग अध्यक्ष जितेंद्र कुशवाह व महिला अध्यक्ष कृष्णा राठौर ने ताजमहल को तेजोमहालय बताते हुए वहां परिक्रमा करने व जल चढ़ाने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन रविवार रात से ही सक्रिय हो गया था। महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट, मीना दिवाकर, अवतार गिल, जितेंद्र कुशवाहा, सुनील यादव, शंकर श्रीवास्तव, ब्रजेश भदौरिया के घर पुलिस पहुंची और उन्हें घर में ही नजरबंद कर दिया। प्रशासन के अनुरोध पर कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए महासभा ने कार्यक्रम स्थगित कर दिया था। थाना छत्ता में महासभा के 16 कार्यकर्ताओं को बैठा लिया गया। 
इसके बावजूद महासभा के कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने ताज हेरिटेज कारिडोर पर पहुंचकर सांकेतिक जलार्पण कर नारेबाजी की। महानगर उपाध्यक्ष हीरा देवी, मनीष, कृष्णा राठौर, प्रिया सिकरवार, लखन, योकेश ठाकुर, मोना मौजूद रहे। 
--------------------------
थाने के ठीक सामने स्थित दुकान में चोरी
आगरा। कस्बा मलपुरा में चोरों ने थाने के ठीक सामने किराने की दुकान को निशाना बनाया और पांच हजार रुपये नकद व 20 हजार रुपये के काजू, बादाम व दूसरे ड्राई फ्रूट्स चुरा ले गए।
मलपुरा कस्बा निवासी सौरभ शाक्य की जगनेर रोड पर थाने के सामने सौरभ प्रवीजन स्टोर के नाम से दुकान है। सौरभ रविवार रात करीब नौ बजे वे दुकान के शटर का ताला लगाकर घर गए थे। आज सुबह दुकान पर आए और शटर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। दुकान में सामान बिखरा पड़ा था। दराज खुली थी। यह देख उसके होश उड़ गए। अन्य व्यापारी भी आ गए। उन्होंने देखा जीने का दरवाजा खुला था। वे छत पर पहुंचे। वहा जंगले की सरिया चौड़ी मिली। सौरभ ने शक जताया कि चोर सरिया चौड़ाने के बाद जंगले में हाथ फंसाकर घुसे होंगे। उन्होंने मामले में थाने में तहरीर दी है।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments