शहीद-ए-आजम एकादश ने जीती हॉकी प्रतियोगिता
आजादी के अमृत महोत्सव पर एकलव्य स्टेडियम में हुए रोमांचक मुकाबले
आगरा, 15 अगस्त। शहीद-ए-आजम एकादश ने आज चंद्रशेखर आजाद एकादश को कड़े मुकाबले में 4-3 गोलों से हराकर जिला हॉकी संघ द्वारा आयोजित हॉकी प्रतियोगिता जीत ली।आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आज सुबह 76वें स्वतंत्रता दिवस पर एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई इस प्रतियोगिता में चार टीमों ने भाग लिया। शुरुआती सेमीफाइनल मुकाबलों में शहीद-ए-आजम की टीम ने सुखदेव एकादश को चार के मुकाबले आठ गोलों से और चंद्रशेखर आजाद एकादश ने राजगुरु एकादश को चार के मुकाबले पांच गोलों से हराया। चारों टीमों के नाम शहीदों के नाम पर रखे गए थे।
फाइनल मुकाबले में कड़ा संघर्ष दिखाई दिया। मैच खत्म होने से तीन मिनट पहले तक दोनों टीमें 3-3 गोलों की बराबरी पर थीं। शहीद-ए-आजम की टीम अंतिम समय में एक और गोल करके विजयश्री पाने में सफल रही।
प्रतियोगिता के उपरांत क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुनील जोशी, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष डॉ.कमल चौधरी, उपसचिव संजय तिवारी, महिला सचिव मीनाक्षी पोपली ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। संचालन जिला सचिव संजय गौतम ने किया। आरिश व इरफान को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। रेफरी प्रशांत शुक्ला, अमित सक्सेना व धर्मेश सिंह को भी पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान हरदीप सिंह हीरा, अरविंद यादव, तुषार गौतम, राघवेंद्र लोधी, एनके बिंदु, राहुल कुशवाह, मधु, आरती, शशिप्रभा, कल्पना, योगेश वर्मा, मनीष शर्मा, खलील, पुष्पेंद्र सिंह व धर्मेंद्र यादव समेत अनेक लोग उपस्थित थे। प्रतियोगिता का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Post a Comment
0 Comments