नौ सितम्बर से शुरू होगा रामलीला महोत्सव, आ सकते हैं रक्षा मंत्री, सीएम, डिप्टी सीएम

आगरा, 03 अगस्त। कोरोना महामारी के कारण दो साल स्थगित रहने के बाद नगर का प्रमुख श्रीरामलीला महोत्सव आगामी नौ सितम्बर से शुरू होगा। एक महीने तक चलने वाले इस महोत्सव का समापन नौ अक्टूबर को होगा। उत्तर भारत की सर्वश्रेष्ठ मानी जाने वाली राम बारात 21 सितम्बर को निकाली जाएगी।
महोत्सव का शुभारंभ परम्परागत रूप से श्राद्ध पक्ष से एक दिन पहले अनन्त चतुर्दशी पर नौ सितम्बर को श्री गणेश व मुकुट पूजन से होगा। अगले दिन से शोभायात्राओं का क्रम शुरू हो जायेगा। मनःकामेश्वर नाथ के मुकुट की सवारी, गणेश जी की सवारी और रावण की दुहाई की सवारी के नगर परिभ्रमण के बाद 14 सितम्बर से रामलीला मैदान में लीलाओं के मंचन की शुरुआत हो जाएगी। पहले दिन नारद मोह की लीला के बाद अगले दिनों में आकाशवाणी लीला, रामजन्म लीला, सीता जन्म, ताड़का वध की लीला, अहिल्या उद्धार, पुष्पवाटिका, धनुष यज्ञ व जनकपुरी से निमंत्रण की लीलाएं होंगी।
श्रीराम बरात 21 सितम्बर को पूरी भव्यता के साथ नगर परिभ्रमण करेगी और अगले दिन सुबह जनकपुरी पहुंचेगी। जनकपुरी इस बार दयालबाग में सजाई जायेगी। वहां भी तीन दिन मुख्य आयोजन होंगे। 21 को सीता जी के डोले का भ्रमण, 22 सितम्बर को बढ़हार, 23 को विदाई होगी।
अगले दिन 24 सितम्बर से पुनः रामलीला मैदान में लीलाओं का मंचन शुरू हो जायेगा। कोपभवन, राम वनवास, जयंत, सूर्पनखा लीला, सीता हरण, शबरी, हनुमान मिलन, लंका दहन, विभीषण शरणागति, लक्ष्मण शक्ति आदि प्रतिदिन की लीलाओं के बाद तीन अक्टूबर को कुम्भकर्ण वध, चार अक्टूबर को मेघनाथ वध और पांच अक्टूबर को दशहरे के दिन रावण वध की लीला व आतिशबाजी होगी। छह अक्टूबर को रावतपाड़ा तिराहे पर भरत मिलाप की लीला और आठ अक्टूबर को श्रीराम के राज्याभिषेक की लीला रामलीला मैदान में होगी। नौ अक्टूबर को मास परायण, हवन के साथ महोत्सव का समापन हो जायेगा।
रामलीला कमेटी की तैयारियां जोरों पर
महोत्सव के लिए रामलीला कमेटी की तैयारियां जोरों पर हैं। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल इस बार पहली बार श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष बने हैं। वे भी तैयारियों में जुट गए हैं। वृंदावन के नीरज चतुर्वेदी की मंडली के साथ लीला मंचन का अनुबंध किया जा चुका है। दयालबाग वासियों को जनकपुरी आयोजन की स्वीकृति देकर उन्हें तैयारियां करने को कह दिया गया है। राम बारात के रथों, झांकियों और पुतले निर्माण करने वालों और आतिशबाजों से अनुबंध शुरू हो चुके हैं। 
आ सकते हैं रक्षा मंत्री, सीएम, डिप्टी सीएम
कमेटी द्वारा राम बारात या जनकपुरी महोत्सव में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को अतिथियों के रूप में लाने के प्रयास शुरू हो गये हैं। इसके अलावा केंद्र व प्रदेश सरकारों के मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं का आगमन भी सम्भव है।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को दिये तैयारियों के निर्देश
रामलीला कमेटी का जिला प्रशासन के साथ भी बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। बता दें कि शहर के इस लक्खी मेले में जिला प्रशासन से जुड़े सभी विभागों का सहयोग रहता है। रामलीला मैदान व्यवस्थित करने, शोभायात्रा मार्गों पर सड़क, बिजली, पानी, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था करने की जिम्मेदारी प्रशासन लेता रहा है। जिलाधिकारी कक्ष में पिछले दिनों बैठक करके प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, टोरंट पावर, मेट्रो कारपोरेशन, फायर ब्रिगेड, जल निगम, वाटर वर्क्स आदि कई विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थायें दुरुस्त रखने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments