आगरा में योगी की नसीहत, राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी युवाओं पर

मुख्यमंत्री ने भाजयुमो के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग में कराया जिम्मेदारी का अहसास
-हर घर तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाई, सेल्फी प्वाइंट का अनावरण
-मेट्रो ट्रेन के मॉडल का डिजिटल अनावरण और पौधारोपण भी
आगरा, 08 अगस्त। प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने आज यहां कहा कि युवा हमारे देश की रीढ़ हैं। राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। मुख्यमंत्री फतेहाबाद मार्ग स्थित एसएनजे रिसोर्ट में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश भर से आए युवा भाजपा नेताओं ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा ही राष्ट्र की पूँजी हैं। पार्टी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी भाजयुमो के कार्यकर्ताओं पर है। उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अभी से जुट जाने की भी नसीहत दी। उन्होंने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, अग्निवीर, विश्वकर्मा योजना, स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति अभियान का जिक्र किया व कहा कि युवा मोर्चा इन सभी योजनाओं से उत्तर प्रदेश के युवाओं को जोड़ने का काम करे। 
इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेरिया सिविल एयरपोर्ट से सीधे कमिश्नरी चौराहे पर पहुंचे। यहां आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा-जागरूकता रैली का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव पर बने सेल्फी प्वाइंट का अनावरण भी किया।
मुख्यमंत्री योगी ने मेट्रो डिपो का स्थलीय निरीक्षण भी किया। यहाँ उन्होंने मेट्रो ट्रेन के मॉडल का डिजिटल अनावरण किया और पौधारोपण किया। उन्होंने मेट्रो ट्रेन प्राेजेक्ट की प्रगति और गुणवत्ता को भी परखा। उन्हें बताया गया कि यात्री सेवा के लिए तीन कोच वाली 28 मेट्रो ट्रेनें तैयार की जा रही हैं। यह मेट्रो ट्रेन रीजेनरेटिव प्रणाली सहित अन्य आधुनिक प्रणालियों से लैस होंगी।
भाजयुमो के प्रशिक्षण वर्ग को सम्बोधित करने के बाद मुख्यमंत्री राजकीय विमान से लखनऊ लौट गए।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments