कच्ची ईंटें लेकर कलक्ट्रेट में मल्हार गाईं

आगरा, 04 अगस्त। मनकेड़ा गांव में निर्माणाधीन खेल मैदान की चारदीवारी के घटिया निर्माण के विरोध में महिलाओं ने आज कलेक्ट्रेट में अनोखा प्रदर्शन किया। कच्ची ईंटें लेकर पहुंची इन महिलाओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सावन की मल्हार गाई। गीतों के माध्यम से भ्रष्टाचार व अव्यवस्थाओं पर चोट की। उन्होंने  प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सावित्री चाहर के नेतृत्व में महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं। मनकेड़ा गांव में दीन दयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज के सामने खेल मैदान की चारदीवारी निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। सिर पर ईंट रख कर महिलाओं ने सावन की मल्हार गाईं।
किरन चौहान ने बताया कि दीवार में पीला ईंटों का इस्तेमाल हो रहा है। सीमेंट व चंबल सेंड की जगह रेत से दीवार बनाई जा रही है। दीवार गिरासू है। 
महिलाओं ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय को ज्ञापन सौंपा। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर व ठेकेदार के विरुद्ध जांच की मांग की गई। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। इस दौरान विनोदी चौधरी, मिथलेश चाहर, ज्योति वर्मा, शीला देवी, आशा सचदेवा आदि मौजूद रहीं।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments