सनसनी: सुबह से हत्या, खुदकुशी की तीन वारदातें
चांदी कारोबारी का सिर धड़ से अलग किया
ट्रैफिक पुलिस के सिपाही ने की खुदकुशी
जूता कारखाना मालिक का गला रेत डाला
आगरा, 05 अगस्त। शहर में आज सुबह की शुरुआत ही हत्याओं और खुदकुशी से हुई। लगातार तीन वारदातें सामने आने से सनसनी फैल गई। पहले सिकंदरा क्षेत्र में चांदी कारोबारी की हत्या, उसके बाद एत्माद्दौला क्षेत्र में यातायात पुलिस में कांस्टेबल की खुदकुशी सामने आई। तीसरी वारदात रकाबगंज क्षेत्र में हुई, जहां एक निर्माणाधीन मकान में सो रहे जूता कारखाना मालिक की गला रेत कर हत्या कर दी गई।
सिकंदरा थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार की तड़के चांदी व्यापारी की हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। आरोप है कि मृतक के साथी भाजपा कार्यकर्ता ने चांदी व्यापारी की हत्या के बाद सिर काटकर अलग कर दिया और उसका सिर अपनी कार की पीछे की सीट पर रख दिया था। गश्त कर रही पुलिस ने अरसेना गांव के निकट जंगल की ओर कार खड़ी देखी और उसके बाहर दो युवकों को खड़ा देखा तो उनके करीब गई। पुलिस को आता देखकर कार के बाहर खड़े युवक भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने एक युवक को दबोच कर कार की तलाशी ली। पिछली सीट पर एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर देखा तो पुलिस के होश उड़ गए।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम टिंकू बताया, जिसकी हत्या की थी उसका नाम नवीन वर्मा निवासी तरकारी वाली गली लोहामंडी बताया। उसने चांदी व्यापारी को पहले शराब पिलाई इसके बाद उसका सिर धारदार हथियार से धड़ से अलग कर दिया। पुलिस ने नवीन का धड़ अरसेना के जंगल में कुछ दूरी पर बरामद कर लिया। टिंकू भाजपा का कार्यकर्ता है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
एक अन्य घटना में यहां ट्रैफिक लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल कुबेर सिंह (59वर्ष) ने आज तड़के अपने घर में लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी का कारण तुरन्त स्पष्ट नहीं हो सका। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ। मृतक इटावा जिले में भरथना थाना क्षेत्र के नगला राजा गांव का रहने वाला था। वर्तमान में थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में कालिंदी विहार में घर बना रखा था। गुरुवार रात करीब नौ बजे वह ड्यूटी से घर आकर सो गया था। घर में पत्नी चंद्रकांति बेटी आरती भतीजी लक्ष्मी और भतीजा कृष्णा एक कमरे में सो रहे थे। तड़के चार बजे पत्नी ने गोली चलने की आवाज सुनी।
वह दौड़कर हॉल में पहुंची तो वहां कुबेर सिंह खून से लथपथ पड़ा हुआ था। लाइसेंसी रायफल भी पास में ही पड़ी थी। चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग पहुंच गए। एसएसपी प्रभाकर चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
तीसरी वारदात में एक जूता कारखाना मालिक का लहूलुहान शव निर्माणाधीन मकान में पड़ा मिला। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले युवक और उसके परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। हत्या के पीछे अवैध संबंधों की आशंका जताई जा रही है। रकाबगंज क्षेत्र में छीपीटोला निवासी 25 वर्षीय सिकंदर का मकान बन रहा है। इसलिए उसका परिवार पड़ोस में एक मकान किराए पर लेकर रहता है। सिकंदर अपने निर्माणाधीन मकान में ही रात को सोता था।
गुरुवार रात को परिवार के लोगों के साथ खाना खाने के बाद सिकंदर अपनी निर्माणाधीन मकान में सोने चला गया। सुबह जब वह घर नहीं आया तो परिजनों ने जाकर देखा। वह लहूलुहान हालत में पड़ा था और गला कटा हुआ था। सूचना पर सीओ सदर अर्चना सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Post a Comment
0 Comments