"भाजपा की आत्मा नेताओं में नहीं, कार्यकर्ताओं में वास करती है"

भाजयुमो के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग में पहले दिन ब्रजेश पाठक, स्वतंत्रदेव, सुधांशु त्रिवेदी व संबित पात्रा ने पढ़ाया पाठ
आगरा, 06 अगस्त। यहां फतेहाबाद रोड स्थित एसएनजे गोल्ड मैरिज गार्डन में आज शनिवार से शुरू हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी व संबित पात्रा समेत अन्य नेताओं ने सम्बोधित किया।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दूसरे सत्र में कहा कि मोदी और योगी के नेतृत्व में देश व प्रदेश विकास की राह पर अग्रसर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को युवा ही विश्व गुरू बनाएंगे। मोर्चा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष मनीष गौतम ने बताया कि राष्ट्रवाद व संस्कृति के एजेंडे पर संगठन काम करेगा।
तीसरे सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वे जनता के बीच डबल इंजन की सरकार के कार्यों को लेकर जाएं। चौथे सत्र में राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रशिक्षण ले रहे युवाओं का मार्गदर्शन किया।
इससे पूर्व उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा की आत्मा नेताओं में नहीं, कार्यकर्ताओं में वास करती है। कार्यपद्धति ही संगठन की आत्मा है। इस अनूठी कार्यशैली का ही प्रतिफल है कि आज देशभर में भाजपा की गूंज है। जनसंघ से लेकर आज तक ऐसे ही प्रशिक्षण के माध्यम से हम ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को तैयार करते हैं।
युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया। मोर्चा प्रदेश प्रभारी पंकज सिंह कहा कि युवाशक्ति को जयश्री प्राप्त है।
भाजयुमो प्रशिक्षण वर्ग में 12 सत्र होंगे। छह क्षेत्र व 98 जिला इकाई प्रतिनिधि यहां भाजपा की रीति व नीतियों का प्रशिक्षण लेंगे। ब्रज क्षेत्र मंत्री गौरव राजावत ने बताया कि प्रशिक्षण में 8 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या संबोधित करेंगे।

--------------

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments