केंद्रीय मंत्री बघेल ने दुर्घटना पीड़ित महिला की मदद की
आगरा, 12 अगस्त। केंद्रीय विधि व न्याय राज्यमंत्री एवं आगरा के सांसद प्रो. एस पी सिंह बघेल ने आज लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना के बाद मदद की राह देख रही एक पीड़ित महिला की मदद कर मानवता दिखाई।
प्रो. बघेल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर इस वाकये को साझा करते हुए यह अफसोस भी जाहिर किया कि यहां से गुजरते किसी भी वाहन सवार ने पीड़ित महिला की गुहार नहीं सुनी।
प्रो. बघेल ने अपनी पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी कि औरैया से आगरा जाते हुए उन्होंने एक्सप्रेस-वे पर एक दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को देखा जिसमें कानपुर निवासी महिला करीब आधा घंटे से किसी मदद का इंतजार कर रही थी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और टोल कर्मियों के माध्यम से उसकी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को वर्कशॉप तक पहुंचाने को कहा।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने इस बार भी अफसोस जताया कि किसी ने भी गाड़ी रोककर दुर्घटना में घायल हुए उन महिला मदद करने को जरूरी नहीं समझा। उन्होंने सभी से अपील की कि ‘जरूरतमंद की मदद जरूर करें क्योंकि विपत्ति में हम भी दूसरों से यही उम्मीद करते हैं।’
Post a Comment
0 Comments