ताजमहल पर थोड़ी आफत, थोड़ी राहत
ताजमहल और आसपास के सफाईकर्मी हड़ताल पर
आगरा, 23 जुलाई। पर्यटकों के सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र ताजमहल एक बार फिर चर्चा में है। एक ओर परेशानी का सबब यह है कि ताज और उसके आसपास सफाई व्यवस्था सम्भालने वाले कर्मचारी हड़ताल पर चले गये हैं। दूसरी ओर राहत की बात रही कि चार दिन से बन्द पड़ी ऑफलाइन टिकट व्यवस्था आज से चालू कर दी गई।
नगर निगम ने ताजमहल और उसके आसपास की सफाई व्यवस्था का कार्य प्राइवेट कंपनी को सौंपा है। प्राइवेट कंपनी अपने कर्मचारियों को सैलरी नहीं दे रही है, जिसके चलते सफाई कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। आज इस प्राइवेट कंपनी के लगभग डेढ़ सौ कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी और धरना शुरू कर दिया। साथ ही ऐलान किया कि जब तक उन्हें सैलरी नहीं मिलेगी, वह किसी भी तरह का सफाई कार्य नहीं करेंगे।
ताजगंज क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के लिए दिल्ली की निजी कंपनी लायंस सर्विस लिमिटेड और नगर निगम का एग्रीमेंट है। कंपनी के कर्मचारी पूरे ताजगंज क्षेत्र की सफाई व्यवस्था सम्भालते हैं। ताजमहल के आस-पास और यमुना के घाटों की सफाई भी निजी कंपनी के हाथों में है। कर्मचारी राहुल के मुताबिक सर्दी, गर्मी और बरसात हर मौसम में सभी दिन भर काम करते हैं। इसके बावजूद छह माह से उन्हें टाइम पर तनख्वाह नहीं मिल रही है। कंपनी आश्वासन देती है और दो से तीन माह बाद तनख्वाह दी जाती है वो भी आधी-अधूरी मिलती है।
इधर ताजमहल से 100 मीटर की दूरी पर सीवर लाइन फटने से सड़क पर गंदा पानी बह रहा है। कई दुकानों में पानी भरने से दुकानदारों का नुकसान हो गया है। घंटों से पर्यटक गंदे पानी के बीच से गुजर कर ताजमहल जा रहे हैं पर अभी तक जिम्मेदार अधिकारियों ने सुधार की कोई व्यवस्था नहीं की है।
टिकट विंडो से ऑफलाइन टिकट मिलना शुरू
इस बीच ताजमहल पर एक बार फिर टिकट विंडो से ऑफलाइन टिकट मिलना शुरू हो गया। आज सुबह जैसे ही ऑफ लाइन टिकट विंडो खुली और टिकट मिलना शुरू हुआ तो पर्यटकों की लाइन लग गयी। देखते ही देखते टिकट खरीदने के लिए पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ जुट गई।
लगभग चार दिनों से ऑफ लाइन टिकट व्यस्था गड़बड़ चल रही थी। सर्वर डाउन होने के चलते एएसआई कर्मचारी पर्यटकों को ऑफ लाइन टिकट नही दे पा रहे थे। इस तकनीकी समस्या के कारण पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। एएसआई विभाग ने पर्यटकों से ऑनलाइन टिकट खरीदने पर जोर दिया। पर्यटकों ने ऑनलाइन टिकट खरीदी लेकिन उनके कार्ड स्कैन करने में समस्या बरकरार रही।
Post a Comment
0 Comments