केदारनाथ में आगरा के मासूम की खाई में गिरकर मौत
ट्रांस यमुना का गुप्ता परिवार गया था धार्मिक यात्रा पर
आगरा, 04 जुलाई। ट्रांस यमुना कालोनी से केदारनाथ धाम दर्शन के लिए गये दम्पत्ति के पांच वर्षीय मासूम बेटे की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार की शाम मासूम को नेपाली पिट्ठू की कंडी (बास्केट) में बैठाकर चढ़ाई करने के दौरान का बताया जा रहा है। केदारनाथ के थाना कोतवाली में पिट्ठू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ट्रांस यमुना कालोनी फेस-एक निवासी विजय गुप्ता उर्फ बाबी ऑनलाइन टिकट का काम करते हैं। उनके परिवार में 20 वर्षीय बेटी और पांच साल का बेटा था। विजय के रिश्तेदार ने हरिद्वार में भंडारे का कार्यक्रम रखा था, जिसमें वह अपने व साढू के परिवार समेत शामिल होने गए थे। वहां से दोनों परिवारों का केदारनाथ दर्शन का कार्यक्रम बन गया। शुक्रवार को वे केदारनाथ धाम पहुंच गए।
उन्होंने गौरी कुंड से भीमबली तक घोड़े से यात्रा की। वहां से पैदल चलने लगे। मासूम बेटे शिवाय को चलने में परेशानी होने पर पिता ने उसे नेपाली पिट्ठू की कंडी (बास्केट) में बैठा दिया। परिवार उसके पीछे चलने लगा। कंडी में कुछ रुपये व सामान भी था। पिट्ठू की चाल तेज होने से दम्पत्ति पीछे रह गए। आगे पहुंचकर बच्चे शिवाय को न पाकर दम्पत्ति ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
इस बीच देर रात पुलिस ने खाई में एक बच्चे का शव मिलने की जानकारी दी। दम्पति ने बालक की पहचान शिवाय के रूप में की। मासूम की मौत की खबर विगत रात्रि ट्रांस यमुना कालोनी में रहने वाले विजय गुप्ता के सगे संबंधियों को मिली तो वह घर पर जुट गए। रिश्तेदारों ने बताया शिवाय एलकेजी का छात्र था।
Post a Comment
0 Comments