पर्यटकों को पांच दिन रोकने की योजना पर अध्ययन शुरू-योगेंद्र उपाध्याय
कैलाश से ताजमहल तक यमुना में डीसिल्टिंग की पहल
प्रदेश में पर्यटन विश्वविद्यालय खोलने की भी तैयारी
विधायक शिवहरे का दावा- आगरा से मथुरा के बीच तीन बैराज बनेंगे
नेशनल चैम्बर के मंथन कार्यक्रम में निकला आगरा के विकास का अमृत
आगरा, 24 जुलाई। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एन्ड कॉमर्स द्वारा आज आयोजित मंथन कार्यक्रम में आगरा के विकास के तमाम मुद्दों को रखा गया। वाटरवर्क्स चौराहे के पास अग्रवन में सायंकाल हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ.जी.एस. धर्मेश, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल व विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने विकास के सभी मुद्दों पर सहमति जताई। उन्होंने अपनी ओर से किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और विकास के लिए सामूहिक कोशिशों पर जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि जिले में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए उनके द्वारा "रिलिजियस, कल्चरल, हिस्टोरिकल एंड नेचुरल टूरिज्म ऑफ इंडिया" नामक योजना बनाई गई है। इस योजना से पर्यटक आगरा में कम से कम पांच दिन रुकेंगे। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद से आगरा और मथुरा तक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री शीघ्र पर्यटन विश्वविद्यालय खोलने जा रहे हैं।
उपाध्याय ने कहा कि उनके उच्च शिक्षा मंत्रालय के साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग को यमुना नदी में ताजमहल से पांच किलोमीटर आगे और कैलाश से पांच मीटर आगे तक सिल्ट की स्थिति पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद यमुना नदी में डीसिल्टिंग की व्यवस्था की जाएगी।
विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने बताया कि विगत दिनों मुख्यमंत्री से मुलाकात में जानकारी मिली कि मथुरा से आगरा तक यमुना नदी पर तीन बैराज बनाए जाएंगे। आगरा में रबर चेक डैम अवश्य बनेगा। उन्होंने कहा कि लंबित चल रहे लैदर पार्क में शीघ्र ही कुछ नया होने को है। इस बारे में प्रस्ताव गया हुआ है। शिवहरे ने आगरा को इम्मिटेशन ज्वैलरी की दुनिया की सबसे बड़ी मंडी बताते हुए कहा कि चैम्बर के मांग पत्र में इसे भी जोड़ा जाना चाहिए।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि जिले के विकास में जो एनजीटी एवं सुप्रीम कोर्ट स्तर पर कानूनी अड़चनें आ रही हैं, उन्हें दूर करने के लिए मजबूत पहल की आवश्यकता है।
विधायक डॉ.जी.एस. धर्मेश ने कहाकि चैम्बर 11 लोगों की कमेटी बनाए। वे मुख्यमंत्री से समय दिलवाएंगे और बिंदुवार चर्चा करेंगे। एयरपोर्ट के संबंध में उन्होंने सुझाव दिया कि पांच लोग मिलकर मेरे साथ एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों से मिलने चलें, उनसे वार्ता करेंगे।
विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने चैम्बर के मांग पत्र पर सुझाव दिया कि पहले दो बिंदुओं पर पहल की जाए। उसके लिए मुख्यमंत्री से समय लेकर मिला जाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि मंथन कार्यक्रम महीने में एक बार होना चाहिए जिससे संवाद में निरंतरता बनी रहे।
प्रारम्भ में चैम्बर अध्यक्ष शलभ शर्मा ने सभी अतिथियों के समक्ष शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को रखा और जनप्रतिनिधियों से गम्भीर पहल की अपेक्षा की। कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल एवं अनिल वर्मा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व अध्यक्ष केके पालीवाल ने किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष संजय गोयल व मयंक मित्तल, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष सतीश चंद्र गुप्ता, शांति स्वरूप गोयल, प्रदीप वार्ष्णेय, अमर मित्तल, मुकेश अग्रवाल, अतुल गुप्ता, श्रीकिशन गोयल, पूरन डावर समेत अनेक सदस्य व अतिथिगण मौजूद रहे।
Post a Comment
0 Comments