एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहें ट्रांसपोर्टर- अटवाल
आगरा, 22 जुलाई। महानगर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के छठवें वार्षिकोत्सव को सम्बोधित करते हुए आल इण्डिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के अध्यक्ष कुलतरन सिंह अटवाल ने गुरुवार को सभी ट्रांसपोर्टरों से एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की।
वाटरवर्क्स चौराहे के नजदीक स्थित अतिथि वन में आयोजित इस कार्यक्रम में अटवाल ने कहा कि कोरोना काल से ट्रांसपोर्टर की हालत निरन्तर बिगड़ रही है। डीजल की बढ़ती कीमतें, टोल की मार, थर्ड पार्टी बीमा प्रीमियम में बढ़ोतरी और ई-वे बिल की परेशानियों से ट्रेड गर्त में चला गया है। रास्तों पर परिवहन विभाग और पुलिस द्वारा आर्थिक शोषण हो रहा है। इन सब हालात का एकजुट होकर ही सामना किया जा सकता है।
मुख्य वक्ता वीरेंद्र गुप्ता ने कहाकि पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी में शामिल न करके हमारे ट्रेड के साथ सरासर अन्याय हो रहा है। सरकार हमारे वाहनों से तिहरा रोड टैक्स वसूल रही है। इसे खत्म कर वन नेशन, वन टैक्स के अंतर्गत लाया जाए।
विशिष्ट अतिथि एसपी ट्रैफिक अरुण कुमार ने सभी को विश्वास दिलाया कि स्थानीय स्तर पर वह ट्रेड की समस्यायों का समाधान कराएंगे। डॉक्टर रंजना बंसल ने कहाकि ट्रांसपोर्टर अपने कार्यों को नई तकनीक से करें और अपने भाड़े की दरों में बढ़ोतरी करें।
संस्था अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, राजेश तिवारी, शैलेंद्र बर्मन ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर शहर की प्रमुख सामाजिक संस्था विकलांग सेवा संस्था के संस्थापक सचिव डॉक्टर वी.के. गुप्ता का अभिनंदन किया गया।
Post a Comment
0 Comments