हीरे के सस्ते आभूषण दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला गिरफ्तार
आगरा, 17 जून। एसटीएफ की आगरा यूनिट ने हीरे के सस्ते आभूषण दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर गिरफ्तार किया है। टीम ने उसके कब्जे से 1.20 करोड़ के आभूषण भी बरामद किए।
यह शातिर न्यू आगरा थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट का रहने वाला है। एसटीएफ ने उसे विगत रात्रि गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त हीरे के आभूषण सस्ते और अच्छे दिलवाने के नाम पर बड़े घरों की महिलाओं को जाल में फंसा लेता था। भरोसा जीतने के बाद वह उन्हें करोड़ों की चपत लगा देता था। कई लोगों से ठगी के बाद उसने रकम या आभूषण वापस कर समझौता कर लिया। पिछले दिनों उसने करोड़ों की ठगी की थी।
अभियुक्त ने एसटीएफ को बताया कि वर्ष 2002 में बी.कॉम करने के बाद वह हीरे का काम सीखने को मुंबई गया था। कुछ दिनों तक मुंबई में रहकर उसने संबंध बना लिए। इसके बाद आगरा आकर वह हीरे के व्यापार में दलाली करने लगा। उसने बड़े घरों की कई महिलाओं को हीरे के हार दिखाकर सस्ते दामों में देने को कहा। इस तरह उसका काम बढ़ता गया। भरोसा जीतने के बाद उसने कई महिलाओं और व्यापारियों को करोड़ों का चूना लगा दिया था।
उसके खिलाफ पूर्व में हरीपर्वत, ताजगंज और न्यू आगरा थानों में मुकदमे दर्ज हुए थे। मगर, अभी तक वह जेल नहीं गया। एसटीएफ को टास्क मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई।
Post a Comment
0 Comments