ककरैठा में बनेगा सिटी फारेस्ट, शहरवासियों के लिये होगा नया पिकनिक स्पॉट
आगरा, 12 मई। सिकंदरा क्षेत्र के अंतर्गत ककरैठा की आद्र भूमि (वैट लैंड) पर सिटी फारेस्ट विकसित किये जाने की योजना है। इसके तैयार होने पर शहरवासियों को एक और नेचुरल पिकनिक स्पॉट मिल सकेगा। ताजमहल के निकट ताज नेचर वाक पहले ही विकसित किया जा चुका है।
जिला वन अधिकारी डा. अखिलेश पांडेय का कहना है कि ककरैठा में सिटी फारेस्ट विकसित होने पर लोग यहां परिवार संग घूम सकेंगे। इस केंद्र में पैदल पथ बनाए जाएंगे, बैठने की व्यवस्था की जाएगी। प्रदूषण को कम करने के लिए लगभग तीस हजार पौधे लगाए जाएंगे।
ककरैठा के वैट एरिया में 50 हेक्टेयर में सिटी फारेस्ट विकसित किया जाएगा। इस क्षेत्र के मौलिक स्वरूप से छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। समतल जगह पर टहलने के लिए पैदल पथ बनाए जाएंगे, जिससे ताज नेचर वाक की तरह शहरवासी सिटी फारेस्ट में घूमने के लिए आ सकें। इसके लिए दो करोड़ का बजट मिला है।
गौरतलब है कि ककरैठा में गंदे पानी के प्राकृतिक तरीके से शोधन की भी व्यवस्था है। यहां नौ चेक प्वाइंट पर नाले के पानी को रोका जाता है। हर प्वाइंट से गुजरने के बाद पानी पहले से साफ हो जाता है। ककरैठा, गैलाना और उसके आसपास विकसित कालोनियों का गंदा पानी इन चेकडैम में पहुंचता है। यहां से शोधित होकर यमुना में पहुंचता है।
फिलहाल यह प्रोजेक्ट भी बजट न मिलने से सही तरह से काम नहीं कर रहा है। माना जा रहा है कि सिटी फारेस्ट विकसित होने के बाद गंदे पानी का शोधन अच्छे से हो सकेगा।
Post a Comment
0 Comments