बुढ़िया का ताल और अंगूठी ताल बनेंगे पिकनिक स्पॉट

आगरा, 16 मई। जिले के एत्मादपुर ब्लॉक के बुढ़िया का ताल व बिचपुरी ब्लॉक के अंगूठी गांव के तालाब को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। दोनों तालाबों पर 35-35 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिले में 75 अमृत सरोवर बनाने के लिए काम शुरू हो गया है। अभी तक 75 में से 69 तालाब चिह्नित हो चुके हैं। इसमें से दो तालाब को मॉडल सरोवर बनाया जाएगा। बुढ़िया का ताल व अंगूठी गांव स्थित तालाबों को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। अंगूठी तालाब दो एकड़ से भी बड़ा है। क्षेत्रफल के हिसाब से ये दोनों अमृत सरोवर जिले के सबसे बड़े सरोवर होंगे। इन सरोवरों के किनारे पर एक दर्जन से अधिक अलग-अलग तरह के पौधे लगाए जाएंगे। इनमें नीम, पीपल, कटहल, जामुन, बरगद, सहजन, पाकड़, महुआ आदि के पौधे होंगे। 
इसके अलावा यहां आने वाले लोगों के बैठने के लिए बैंच स्थापित की जाएंगी। यहां पर नौका विहार की सुविधा भी होगी। लाइटिंग की जाएगी। खाने-पीने के लिए स्टॉल भी होंगी, जिससे लोग परिवार के साथ आकर यहां पर लुत्फ उठा सकें।
जिला पंचायत के माध्यम से जिले में सिर्फ इन्हीं दोनों तालाबों का सौंदर्यीकरण होगा। छह अमृत सरोवरों को क्षेत्र पंचायत के माध्यम से विकसित किया जाएगा। शेष तालाबों को ग्राम पंचायत संवारेंगी। इस साल 15 अगस्त तक 25 प्रतिशत अमृत सरोवरों को विकसित करना होगा।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments