एसएसपी के नाम पर वसूली करने वाला पंचायत सदस्य जालौन में चोरों संग गिरफ्तार
एक करोड़ की चोरी में गिरोह को शरण देने का आरोप
दस हजार का इनामी आगरा का शैलेंद्र भी दबोचा
आगरा, 20 मई। एक मुकदमे से नाम निकलवाने के लिए एसएसपी के नाम पर 80 हजार रुपये वसूलने वाले जिला पंचायत सदस्य दिलकेश वर्मा को चोरों के गिरोह के साथ जालौन जिले में गिरफ्तार किया गया है।
दिलकेश पर आरोप है कि वह चोरों के गिरोह को शरण देता था। एसएसपी के नाम से वसूली मामले में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।
जालौन पुलिस ने करीब दस दिन पहले हुई एक करोड़ की चोरी का खुलासा करते हुए दिलकेश समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक महिला भी शामिल है। जालौन के कुठौंद क्षेत्र में मदारीपुर निवासी सर्राफ कृष्ण मुरारी के घर में नौ मई को एक करोड़ रुपये की चोरी हुई थी। इसमें एक किलोग्राम सोना, 50 किलोग्राम चांदी शामिल थी। पुलिस ने चोरी में शामिल शैलेंद्र उर्फ रामू निवासी गट्टपुरा, फतेहाबाद (आगरा), दिलकेश वर्मा निवासी पारौली सिकरवार, फतेहाबाद (आगरा), चांद मियां निवासी फिरोजाबाद, परमाल निवासी धौलपुर और पूनम निवासी मुरैना को गुरुवार सुबह गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 700 ग्राम सोना, चार किलोग्राम चांदी कीमत (दोनों की कीमत करीब 38 लाख), दो तमंचे, तीन कारतूस, एक कार, एक बाइक बरामद की गई।
एएसपी जालौन असीम चौधरी ने बताया कि कार शैलेंद्र की थी, जिसे उसने कुछ दिन पहले साढ़े तीन लाख रुपये में खरीदा था। शैलेंद्र पर आगरा पुलिस ने दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया हुआ है। बरामद नई बाइक दिलकेश वर्मा की है। इसमें नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। दिलकेश वर्मा फतेहाबाद के वार्ड 41 का जिला पंचायत सदस्य है। वह गिरोह को शरण देता था। उसकी तलाश आगरा पुलिस को भी थी।
Post a Comment
0 Comments