"बुलडोजर बदनाम हुआ अतिक्रमण तेरे लिए"

शायराना अंदाज में नजर आए केंद्रीय मंत्री नकवी बोले-हम वो पार्टी हैं कि पत्थर को मोम कर दें
आगरा, 18 मई। केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री एवं राज्यसभा के उप नेता मुख्तार अब्बास नकवी आज यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए कई बार शायराना अंदाज में नजर आए। कुछ गम्भीर मुद्दों का जवाब उन्होंने फिल्मी तरानों का सहारा लेकर दिया और माहौल को हल्का बनाने की कोशिश की।
केंद्रीय मंत्री यहां ताजमहल के निकट शिल्पग्राम में आयोजित हुनर हाट का उदघाटन करने के लिए आये हुए हैं। हाट आज से शुरू हो गई, जबकि इसका औपचारिक उदघाटन कल गुरुवार को नकवी द्वारा किया जायेगा। केंद्रीय मंत्री नकवी आज शाम शहर में आने के बाद शिल्पग्राम में लगी हुनर हाट की स्टॉलों का जायजा लेने भी पहुंचे। 
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद मामले में न किसी को डरने की जरूरत है, न किसी को डराने की। कुछ लोगों को दिक्कत है, वे भय और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ये लोग विपक्ष के साथ नफरत रखकर खुद नफरत के खलनायक बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम यही कहेंगे,  "नफरत करने वालों के सीने में प्यार भर दें, हम वो पार्टी हैं पत्थर को भी मोम कर दें।"
यूपी में बुलडोर पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा कि बुलडोजर अतिक्रमण के खिलाफ है, किसी व्यक्ति या समाज के खिलाफ नहीं है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "बुलडोजर बदनाम हुआ अतिक्रमण तेरे लिए। अतिक्रमण उधर हो रहा है, इधर बुलडोजर बदनाम हो रहा है।"
मदरसों को लेकर केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री ने कहा कि जो मदरसे पोर्टल पर दर्ज हैं। अच्छा काम कर रहे हैं। उन्हें सरकार की तरफ से ग्रांट दी जाएगी। जो मदरसे पोर्टल पर अपना ब्योरा दर्ज नहीं करा रहे उन्हें ग्रांट नहीं मिलेगी। 
हुनर हाट का दौरा करते हुए नकवी एक-एक स्टॉल पर गए। दस्तकारों, शिल्पकारों और कारीगरों से मुलाकात की। उनसे उनके उत्पादों के संबंध में जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री ने कहा, अब तक देश में 40 स्थानों पर हुनर हाट का आयोजन हो चुका है। आगरा में यह 41वां आयोजन है। उन्होंने बताया कि करीब दस लाख दस्तकार इससे जुड़ चुके हैं। इनमें पचास फीसदी महिलाएं हैं।
केंद्रीय मंत्री नकवी आज रात सर्किट हाउस में आराम करेंगे। इसके बाद गुरुवार सुबह हुनर हाट का औपचारिक उदघाटन करेंगे।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments