खांटी आगरा के रंग में रंगे नजर आए केशव मौर्या

सरकारी योजनाओं पर कभी नरम, कभी गरम
स्कूल में बच्चों से संवाद, गौमाता का पूजन भी
जिला अस्पताल में नल से पानी भी पिया
मिठाई की दुकान पर चाट का लुत्फ लिया
आगरा, 05 मई। दो दिन के दौरे पर आज यहां आए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व आगरा मंडल प्रभारी केशव प्रसाद मौर्या दिन भर के कार्यक्रमों में खांटी आगरा के रंग में रंगे नजर आए। दिनभर निरीक्षण और अधिकारियों के साथ बैठकों का दौर चलता रहा। कभी उन्होंने अधिकारियों से मेट्रो परियोजना की प्रगति की जानकारी ली तो कभी जनता के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी ली। कहीं स्कूल में बच्चों से संवाद किया तो कहीं गौमाता का पूजन कर चारा खिलाया। व्यस्त कार्यक्रमों के बीच प्यास लगने पर उन्होंने जिला अस्पताल में नल से पानी पिया तो शाम को भूख लगने पर मिठाई की दुकान पर कचौड़ी और चाट का लुत्फ उठाया। 
दौरे की शुरुआत में दोपहर करीब 12.30 बजे फतेहाबाद रोड पर मेट्रो प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। दोनों मेट्रो रूट के बारे में जानकारी ली। मेट्रो के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद राय ने बताया कि तीन एलिवेटेड स्टेशन का 80 प्रतिशत सिविल कार्य पूर्ण हो चुका है। सितंबर, 2022 तक तीनों स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे। वर्ष 2023 में इनका उदघाटन हो सकता है। उन्होंने बताया कि एक जुलाई, 2024 तक मेट्रो के ट्रायल का लक्ष्य है। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल भी निरीक्षण के समय मौजूद रहे। 
फतेहाबाद रोड से डिप्टी सीएम बरौली अहीर ब्लॉक के धमेटा गांव में पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। कक्ष में बैठे मिले बच्चों से उन्होंने पूछा कि हाथ उठाकर बताओ आज पहली बार कौन-कौन आया है? उनको चॉकलेट दूंगा। किसी बच्चे ने हाथ नहीं उठाया, तो डिप्टी सीएम हंस पड़े और बोले अब तो सबको चॉकलेट मिलनी चाहिए। फिर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र संचालिका से बच्चों को मिलने वाले खाने के बारे में पूछा। उन्हें बताया गया कि दलिया बांटा जाता है। यहां डिप्टी सीएम ने तीन गर्भवतियों की गोद भराई की रस्म निभाई। उपहार व फल आदि दिए। यहीं एक साल की बविता और गरिमा दो कन्याओं को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार किया। 
आंगनबाड़ी केंद्र के बाद धमौटा गांव में ही स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया, यहां डिप्टी सीएम शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने बच्चों से कब आते हो, कब छुट्टी होती है, के बारे में पूछा। शिक्षक से उपस्थिति रजिस्टर मांगा। अनुपस्थित बच्चों के बारे में पूछा। इसके बाद डिप्टी सीएम ने बच्चों के बस्तों को खोलकर उनमें किताब, कॉपी व अन्य पाठक सामग्री देखी।
यहां से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कोलाराकलां पहुंचे। यहां गौशाला में उन्होंने गाय की पूजा की। एक गाय को केले व हरा चारा खिलाया। उन्होंने गौशाला इंचार्ज से गोवंश के लिए पानी, हरे चारे, भूसे की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। प्राथमिक विद्यालय धमौटा में उन्होंने सरकारी हैंडपंप चलाकर अपने हाथ भी धोए। इसके फतेहाबाद के नगला देवहंस गांव में चौपाल में ग्रामीणों से मुखातिब हुए। लोगों की समस्या सुनी। ग्रामीणों को कन्या सुमंगला योजना की जानकारी न होने पर नाराजगी जताई। वहीं, एक ग्रामीण द्वारा आयुष्मान कार्ड का लाभ न मिल पाने पर डीएम को पीड़ित की मदद को कहा। जिला अस्पताल में एक महिला आधार कार्ड बनवाने के लिए परेशान थी। उसका आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। वहीं निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने प्यास लगने पर अस्पताल परिसर में लगे आरओ का पानी पिया। ठंडा पानी होने पर प्रसन्नता भी जाहिर की।
शाम को अधिकारियों के साथ सीडीओ कार्यालय में बैठक के बाद डिप्टी सीएम सर्किट हाउस जा रहे थे। ऐसे में उन्होंने आगरा की कचौड़ी और चाट खाने की इच्छा जताई। इस पर अधिकारी अच्छी जगह तलाशने लगे। मेयर नवीन जैन ने सदर की चाट गली या फतेहाबाद रोड स्थित जीएमबी मिष्ठान भंडार का नाम सुझाया। सदर में बैठकर खाने की व्यवस्था न होने पर फतेहाबाद रोड स्थित मिष्ठान भंडार पर जाने का निर्णय हुआ। डिप्टी सीएम ने यहां पर सबसे पहले गोलगप्पे खाए। इसके बाद दुकान के बाहर बैठकर उन्होंने कचौड़ी और दही भल्ला खाया। इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई। 
मौर्या आज रात्रि सर्किट हाउस में विश्राम के बाद कल सुबह सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे और उसके बाद राजकीय विमान से लखनऊ वापस लौट जाएंगे।


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments