युवक यमुना में कूदा और निकलकर चला गया, पुलिस गोताखोरों से नदी में ढूंढवाती रही
आगरा, 19 मई। थाना कमलानगर के अंतर्गत बल्केश्वर में यमुना नदी के घाट पर विगत रात्रि एक युवक ने छलांग लगा दी। हालांकि कुछ ही देर बाद वह निकल कर अपने मोहल्ले की ओर चला गया, लेकिन रातभर अपने घर नहीं गया। हड़कम्प तब मचा, जब कुछ लोगों ने उसे यमुना में कूदते तो देखा, पर बाहर निकलते नहीं देखा। उन्होंने पुलिस को युवक के यमुना में कूदने की खबर दे दी। रातभर गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश होती रही। जबकि सुबह युवक मोहल्ले में घूमता मिल गया।
दरअसल बल्केश्वर के रजवाड़ा का निवासी 18 वर्षीय यह युवक मोहल्ले की ही एक युवती से शादी करना चाहता है, जबकि उसके भाई इसका विरोध करते हैं। कल बुधवार को युवक का भाइयों से झगड़ा भी हुआ और वह बिना बताए घर से चला गया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे यमुना में छलांग लगाते हुए देखा। लेकिन यमुना से बाहर आते किसी ने नहीं देखा। आज सुबह यह युवक मोहल्ले के पास ही घूमता हुआ मिल गया। पुलिस उसे थाने ले गई और पूरे मामले की जानकारी ली।
Post a Comment
0 Comments