आगरा कालेज में फिर लीक हुआ पेपर

बीएससी द्वितीय वर्ष रसायन शास्त्र का पेपर एक घंटे छात्रों के मोबाइल फोन पर आया
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से जुड़े सबसे पुराने महाविद्यालय आगरा कालेज में आज फिर प्रश्नपत्र लीक हो गया। आज तृतीय पाली में बीएससी द्वितीय वर्ष रसायन शास्त्र का पेपर परीक्षा शुरू होने से एक घंटे छात्रों के मोबाइल फोन पर आ गया। कॉलेज प्रशासन द्वारा पकड़े गए पांच छात्र-छात्राओं ने इस बात का खुलासा किया। 
गौरतलब है कि विगत 11 मई को भी आगरा कॉलेज के प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने द्वितीय पाली शुरू होने से पहले कई छात्र-छात्राओं के मोबाइल फोन में गणित व जंतुविज्ञान का पेपर पकड़ा था। वे बाहर बैठकर पेपर सॉल्व कर रहे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों पेपरों को निरस्त कर दिया था।
आगरा कॉलेज में आज तृतीय पाली में कक्ष संख्या 94 में एक छात्रा ने प्रश्नपत्र हल करने के बाद उसे फेंक दिया। शिक्षकों को शक हुआ, उन्होंने उसकी ओएमआर देखी तो सभी प्रश्नों के उत्तर सही थे। छात्रा घर से एक चिट लाई थी, जिस पर प्रश्नों के उत्तर लिखे हुए थे। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि चार छात्राओं और एक छात्र के पास एक घंटे पहले प्रश्नपत्र पहुंच गया था।
आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग शुक्ला ने बताया, "आज एक छात्रा के मोबाइल फोन पर केमिस्ट्री का पेपर मिला। पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पेपर दोपहर 2:12 बजे उसके मोबाइल फोन पर आ गया था। कल रात में भी मोबाइल फोन पर कुछ सन्देश आए हैं लेकिन वह डिलीट किए गए हैं। आशंका है कल रात ही तो पेपर नहीं आ गया।"
पेपर लीक न होने देने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक कड़ा इंतजाम नहीं किया है। लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन पेपर लीक मामले में कोई कार्यवाही भी अभी तक नहीं कर पाया है। 

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments