खबरें आगरा की News At A Glance.....
व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होगा
आगरा, 06 अप्रैल। वाणिज्य कर विभाग के एडीशनल कमिश्नर ए के सिंह ने आश्वासन दिया है कि जीएसटी के नियमों में बदलाव के कारण व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होगा। उन्होंने यह आश्वासन अध्यक्ष शलभ शर्मा के नेतृत्व में मिले नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के प्रतिनिधियों को दिया।
प्रतिनिधिमडल ने विगत एक अप्रैल से जीएसटी के नियमों में बदलाव के कारण 20 करोड़ व 20 करोड़ से ऊपर टर्नओवर वाली इकाइयों के कवर होने से विभिन्न प्रकार की व्यावहारिक परेशानियों से अवगत कराया।
एडीशनल कमिश्नर ए के सिंह ने कहा कि ई-इनवॉइस जारी करने से पूर्व वजन के लिए जो माल फैक्ट्री से बाहर जाए, चालान में माल भेजने वाले व माल प्राप्त करने वाली की पूरी जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए। चालान में जारी होने वाले ई इनवॉइस का नंबर भी अंकित होना चाहिए। बैठक में वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त रवि शेखर सिंह, संयुक्त आयुक्त संजय कुशवाहा एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, मयंक मित्तल, पूर्व अध्यक्ष अमर मित्तल, अशोक गोयल, आलोक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल आदि शामिल थे।
बुलडोजर चलाकर खाली कराई जमीन
आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को नवलगंज में 800 वर्ग मीटर की जमीन मुक्त कराई। एडीए का नवलगंज क्षेत्र में व्यवसायिक भूखंड है। जहां लगभग साल भर पूर्व चार लोगों ने अवैध निर्माण कर लिया था। लगातार नोटिस देने के बाद भी इनके द्वारा भवनों को खाली नहीं किया जा रहा था। पिछले दिनों अंतिम नोटिस देते हुए बुधवार को आगरा विकास प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंच गई। बुलडोजर चलवा कर स्टोन मार्केट नवलगंज में दुकान संख्या 2, 7, 9 और 11 को कब्जा मुक्त कराया गया।
------------
पुलिसकर्मियों पर दबंगों का हमला
आगरा। मलपुरा कस्बे में झगड़े की सूचना पर पहुंचे चीता मोबाइल के दो पुलिसकर्मियों पर दबंगों ने हमला बोल दिया इससे दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों पर तमंचे से फायर भी किया गया, लेकिन वे गोली से बच गए। मामले में पांच नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कस्बे की अर्चना देवी ने मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी कि आधा दर्जन से अधिक पड़ोस में रहने वाले दबंग उनके घर आ धमके हैं। उन्होंने लाठी-डंडे से हमला बोल दिया है। इसकी जानकारी पर चीता मोबाइल पर तैनात मुख्य आरक्षी देवेंद्र सिंह और आरक्षी अभिषेक पहुंच गए। पुलिस को देख दबंग भड़क गए। उन्होंने लाठी-डंडे से पुलिस पर हमला बोल दिया। छतों से ईंट-पत्थर फेंके। दोनों पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल हो गए। वे जान बचाकर निकल रहे थे कि अशोक ने तमंचे से गोली चला दी। गोली से दोनों बच गए। दोनों पुलिसकर्मियों ने मामले की जानकारी थाने पर दी। इसके बाद अन्य पुलिस बल घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। पुलिस के आने से पहले ही हमलावर भाग निकले।
----------------------
सपा जिलाध्यक्ष फिर हुए भाजपा
आगरा। समाजवादी पार्टी आगरा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने पार्टी छोड़ दी है। वे पुनः भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। बुधवार को अपने फेसबुक पेज पर उन्होंने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने लिखा, "भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने पुनः भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। साथ में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी थे। पूर्व बसपा प्रत्याशी शैलेंद्र जादौन को भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई गई।"
गौरतलब है कि प्रदेश विधानसभा के चुनावों से पहले पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। समाजवादी पार्टी ने उन्हें जिलाध्यक्ष का पद दिया था।
Post a Comment
0 Comments