सौ दिन में दिखेगा बदलाव: योगेन्द्र उपाध्याय

कैबिनेट मंत्री के स्वागत में उमड़े लोग, जगह-जगह सजे मंच
आगरा, 03 अप्रैल। प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय का कहना है कि सरकार के संकल्प पत्र के अनुसार सौ दिन का खाका तैयार कर लिया गया है और इस अवधि में तमाम कार्यों में तेजी दिखाई देगी।
योगी सरकार-2 में कैबिनेट मंत्री बने आगरा दक्षिण सीट से विधायक योगेंद्र उपाध्याय रविवार की शाम यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने आगरा के आम्बेडकर विश्वविद्यालय की स्थिति में सुधार की बात कही। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा से पहले की सरकारों ने शिक्षा व्यवस्था को पटरी से उतार दिया था। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के पिछले कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है। उपाध्याय ने कहाकि जल्द ही आगरा के आईटी पार्क का उदघाटन होगा।
कैबिनेट मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार अपने शहर आये योगेन्द्र उपाध्याय का उनके समर्थकों ने जोशीला स्वागत किया। स्वागत की श्रंखला एत्मादपुर और छलेसर से शुरू हो गई, जो शहर भर में दर्जनों स्थानों पर चलती रही। ट्रांस यमुना कॉलोनी में आईएमए और ट्रांस यमुना डॉक्टर एसोसिएशन द्वारा गोयल सिटी हॉस्पीटल में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार और मंच सजे। देशभक्ति और भजन की स्वरलहरियों संग झांकियां सजाई गईं। वॉटर वर्क्स चौराहे पर जेसीबी मशीन से बुलडोजर की झांकी सजाकर जयश्री राम, भारत माता और बुलडोजर वाले बाबा के जयकारे लगाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। वॉटर वर्क्स से लेकर शहर की अंदरूनी बस्तियों से होते हुए वह अपने निवास पर पहुंचे। लगभग 52 स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। आगरा कालेज के पास ताज मण्डल भाजपा ने वृन्दावन की मंडली द्वारा मयूर व चरकुला नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर योगेन्द्र उपाध्याय ने जरूरतमंद महिलाओं को कपड़े व रसोई की आवश्यक सामग्री भी प्रदान की।  

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments