आगरा में भीमनगरी का मंच गिरा, एक मरा, कई घायल
हादसे के दौरान चल रहा था केंद्रीय मंत्री मेघवाल का भाषण, बाल-बाल बचे
घायलों में पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुबेश, आयोजन कमेटी के महामंत्री धर्मेंद्र सोनी भी
आगरा, 15 अप्रैल। थाना सदर के अंतर्गत नगला पदमा में सजी भीम नगरी का मंच आज रात अचानक गिर गया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं। जिस समय मंच गिरा उस समय केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का भाषण चल रहा था। वे बाल-बाल बच गए। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घायलों में पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुबेश, आयोजन कमेटी के महामंत्री धर्मेंद्र सोनी, मीडिया प्रभारी आशीष कुमार प्रिंस पास में खड़े राजू समेत कई लोग शामिल हैं।
इस बार नगला पदमा में भीम नगरी सजी है। अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में होने वाला यह एक बड़ा महोत्सव है, जिसमें लाखों दर्शक पहुंचते हैं। महोत्सव के दौरान रात में अचानक तेज आंधी आई। इससे मंच पर लगा लाइट स्टैंड गिर गया। लाइट स्टैंड के गिरने से मंच पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसी अफरा-तफरी में मंच भी गिर गया। मंच के गिरने से नगला पदमा के राजू की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। मंच गिरने की खबर पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए।
केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भीमनगरी के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। वे मंच से अपना उदबोधन दे रहे थे, तभी तूफान आया और बिजली गुल हो गई। इसी बीच कुछ लाइटें गिर गईं, जिससे कई लोग घायल हो गए। अगर केंद्रीय मंत्री मंच से अपना उदबोधन देने नहीं जाते तो संभवतः वे भी घायल हो सकते थे।
Post a Comment
0 Comments