पुलिस देख भागे दूल्हा और बाराती, दुल्हन भी छिप गई
आगरा, 22 अप्रैल। जिले के पास मंसूखपुरा गांव में मंगलवार की रात एक दूल्हा पुलिस को देखते ही भाग खड़ा हुआ। दूल्हे को भागता देख बराती भी भाग लिए। दुल्हन भी पास के खेतों में जाकर छिप गई।
बताया जाता है कि घटना 19 अप्रैल की रात की है। चाइल्ड लाइन को मंसूखपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी की शादी कराये जाने की जानकारी मिली। जिस पर वह पुलिस को लेकर गांव में पहुंची। उस समय तक दूल्हा बरात लेकर दरवाजे पर पहुंच चुका था। दूल्हे और उसके घर वालों की नजर पुलिस पर पड़ते ही वे वहां से भाग गए। उसके साथ आए बरातियों को पता चला कि मामला नाबालिग की शादी का है, पुलिस उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर सकती है तो वह भी भाग निकले।
पुलिस और चाइल्ड लाइन किशोरी को अपने साथ ले आईं। उसे आशा ज्योति केंद्र में रखा। गुरुवार को किशोरी को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। उसकी मां भी पहुंची थी। मां ने लिखित में वादा किया कि वह बेटी के बालिग होने के बाद उसके हाथ पीले करेंगी। इसके बाद किशोरी को मां के सुपुर्द कर दिया गया।
किशोरी ने बताया कि माता-पिता दोनों मजदूरी करते हैं। वह दिन में काम पर चले जाते हैं। वह घर पर अकेली रह जाती है। गांव का ही एक युवक घर पर आकर उसे रोज परेशान करता है। उसके साथ छेड़छाड़ करता है। जिसकी शिकायत मां से की तो वह डर गईं। मां ने समिति को बताया कि उन्हें डर लगा कि युवक कहीं उनकी बेटी के साथ कुछ गलत न कर दे। इसीलिए वह उसकी शादी कर रही थीं।
Post a Comment
0 Comments