चर्चा का विषय बना भाजपा नेता और महिला का झगड़ा

महिला ने लिखाया मारपीट और कपड़े फाड़ने का मुकदमा
कालोनी की महिलाओं ने महिला पर लगाया देह व्यापार का आरोप
आगरा, 26 अप्रैल। शहर में एक भाजपा नेता और उसकी पड़ोसन के बीच झगड़ा चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला ने भाजपा नेता के खिलाफ मारपीट व कपड़े फाड़ने का मुकदमा दर्ज करा दिया है, तो भाजपा नेता ने भी क्षेत्रीय महिलाओं के सामूहिक हस्ताक्षरों से शिकायत करते हुए देह व्यापार व अनैतिक कार्यों का आरोप लगा दिया है।
मामला थाना ताजगंज के अंतर्गत नेहरू एन्क्लेव का है। यहां एक महिला एक मकान में किराये पर रहती है। पड़ोस में भाजपा नेता का मकान है। महिला का कहना है कि विगत दिनों वह सुबह अपने मकान मालिक से कुछ बात कर रही थी कि तभी भाजपा नेता, उसकी पत्नी और पड़ोसन घर में घुस आए। उसे झाड़ू और वाइपर से पीटा गया। भाजपा नेता ने उसके कपड़े फाड़ डाले। इस मामले में भाजपा नेता का कहना है कि जिस समय की यह घटना बताई जा रही है वह अपने बेटे को स्कूल से लेने गया था। इसका उसके पास सबूत भी है। भाजपा नेता की पत्नी का कहना है कि महिला उनके साथ गाली-गलौज करती है। रात रात भर म्यूजिक साउंड बजाती है। उसने उसके ससुर के सीने पर पैर भी रखा था।
दूसरी ओर कालोनी की आठ-दस महिलाओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजी संयुक्त शिकायत में भाजपा नेता पर आरोप लगाने वाली महिला और उसकी साथी पर देह व्यापार व अनैतिक कार्य करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि दोनों महिलाएं रोक-टोक करने पर झगड़ा करती हैं और शांति व्यवस्था को भंग कर रही हैं। उनके मकान में कई संदिग्ध लोगों का आना-जाना रहता है।
पत्र में कहा गया है कि आरोपी महिलाओं के मकान में नीचे डीजे का गोदाम है जिसमें जोर-जोर से गाना-बजाना किया जाता है। कालोनीवासियों के समझाने और बार-बार विरोध करने पर भी मकान मालिक ने उन्हें अपना संरक्षण दे रखा है। कुछ लोग वहां आये दिन हथियार लहराते नजर आते हैं। इससे कालोनी में भय व दहशत का माहौल है।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments