शादी के अगले दिन ही लाखों के जेवर-नकदी लेकर दुल्हन रफूचक्कर
आगरा, 26 अप्रैल। थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र में शादी के दूसरे दिन ही दुल्हन के रफूचक्कर हो जाने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि दुल्हन और उसके कथित रिश्तेदारों ने शादी के नाम पर दूल्हे के परिवारीजनों से लाखों रुपये वसूल लिए थे।
अलीगढ़ जिले के थाना टप्पल क्षेत्र निवासी युवक के परिवारीजनों के पास आगरा से दो-तीन दलाल चार दिन पहले पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे युवक की शादी करा सकते हैं, लेकिन लड़की गरीब परिवार की है और शादी का खर्च उठाने में असमर्थ है। इसलिए शादी में दोनों तरफ का खर्चा आपको ही करना होगा। लड़के वाले राजी हो गए और आगरा में कालिंदी विहार स्थित होटल में विगत 24 अप्रैल को दोनों की शादी करा दी गई। देर रात लड़की की विदाई भी करा दी। दूसरे दिन लड़का अपनी शादी को रजिस्टर्ड कराने के लिए अलीगढ़ कोर्ट गया। जहां पर दुल्हन टॉयलेट जाने के बहाने से रफूचक्कर हो गई। काफी देर तक जब दुल्हन वापस नहीं आई तो दूल्हा और परिजन खोजबीन करते हुए आगरा आये। उन्होंने शादी वाले होटल में डेरा डाल दिया।
दूल्हे के परिवारीजनों ने बताया कि शादी के बदले में उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी दुल्हन पक्ष को दी थी। दुल्हन सोने-चांदी के जेवरात व करीब पांच हजार रुपये लेकर फरार हो गई।
थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र में यह पहला मामला नहीं है, जब किसी गैंग के सदस्यों ने रिश्तेदार बनकर शादी कराई हो। इससे पहले भी मोती महल व कालिंदी विहार सहित अन्य क्षेत्रों में शादी के बाद दुल्हन सामान लूट कर भागी है। लड़के वालों ने बताया कि लड़की के साथ शादी में चार महिलाएं व चार पुरुष थे। कोई स्वयं को उसका मौसी-मौसा तो कोई बहन-बहनोई बता रहा था।
Post a Comment
0 Comments