भाजपा कार्यकर्ता को कार ने उड़ाया
आगरा, 13 अप्रैल। थाना न्यू आगरा के अंतर्गत दयालबाग में आज दोपहर एक कार चालक ने स्कूटर सवार भाजपा कार्यकर्ता और उनकी पत्नी व बच्ची को उड़ा दिया। भाजपा कार्यकर्ता आशीष गुप्ता को गम्भीर चोटें आई हैं, उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई है। पत्नी व बच्ची भी घायल हुए हैं।
गम्भीर घायल भाजपा कार्यकर्ता आशीष गुप्ता को दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। आशीष की रावतपाड़ा-पीपल मंडी तिराहे पर जूते-चप्पलों की दुकान है। उनके पिता भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वर्षों पुराने स्वयंसेवक रहे हैं। आशीष वर्तमान में सरलाबाग दयालबाग में निवास करते हैं।
घटनाक्रम के अनुसार, आशीष आज दोपहर करीब 12 बजे एक्टिवा स्कूटर (UP80FD9784) पर पत्नी के साथ दिल्ली पब्लिक स्कूल गये थे और वहां पढ़ रही अपनी पांच साल की पुत्री को वापस लेकर लौट रहे थे, तभी राधानगर मोड़ पर तेज गति से आती नीले रंग की कार के चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशीष करीब पांच फ़ीट दूर जाकर गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। स्कूटर पर उनके साथ सवार पत्नी व पुत्री के भी चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार को रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन चालक कार को भगा ले गया। राहगीरों ने कार के कुछ नम्बर नोट कर लिए हैं, क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से कार की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पहुंचे परिवारीजनों ने घायलों को पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती कराया। आशीष के भतीजों उत्कर्ष गुप्ता और अर्णव गुप्ता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस सीसीटीवी से कार की पहचान का प्रयास कर रही है।
Post a Comment
0 Comments