चैम्बर चुनाव: नाम वापसी सुबह तक, खम्भ ठोक रहे छह प्रत्याशी

आगरा, 08 मार्च। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स की आगरा शाखा के चुनाव में बुधवार को सुबह साढ़े दस बजे नाम वापसी की समय सीमा समाप्त हो रही है। दो उपाध्यक्षों व एक कोषाध्यक्ष के लिए छह प्रत्याशी मैदान में हैं और इनमें से किसी के नाम वापस लेने की सम्भावना नहीं है। कार्यकारिणी के दो ग्रुपों (दस व ग्यारह) में भी प्रत्याशी अधिक होने से चुनाव की स्थिति बन रही थी, लेकिन इन दोनों ग्रुपों में आपसी सहमति से नाम वापस करा दिए गए।
मुख्य पदों के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। इन उम्मीदवारों को कुछ पूर्व अध्यक्षों का भी समर्थन मिल रहा है। पूर्व अध्यक्ष भी इस बार दो खेमों में बंटे नजर आ रहे हैं। कुछ पूर्व अध्यक्ष तीन प्रत्याशियों का खुलकर प्रचार कर रहे हैं। तो कुछ अन्य पूर्व अध्यक्ष दो प्रत्याशियों की राह आसान बनाने में लगे हुए हैं। केवल एक प्रत्याशी ऐसे हैं जो किसी खेमे से न जुड़कर अपना प्रचार खुद के भरोसे कर रहे हैं।
इन पदों के लिये चुनाव 14 मार्च को प्रस्तावित हैं। यूं तो चैम्बर के करीब डेढ़ हजार सदस्य हैं, लेकिन मतदान में पचास प्रतिशत मतदाताओं के भाग लेने की उम्मीद की जा रही है। इसका एक कारण है कि अध्यक्ष का चुनाव पहले ही निर्विरोध होना तय हो चुका है। अध्यक्ष के चुनाव में ही सदस्यों की रुचि सर्वाधिक रहती है। 
इन हालात में सदस्यों को मतदान के लिए निकालकर लाने की बड़ी जिम्मेदारी प्रत्याशियों पर है। जो प्रत्याशी अपने पक्ष में जितने सदस्यों को वोट डालने के लिए लाने में सफल होगा, उतना ही उसका पलड़ा भारी रहेगा। उपाध्यक्ष पद पर लड़ रहे योगेश जिंदल, संजय गोयल, मयंक मित्तल व रामरतन मित्तल और कोषाध्यक्ष पड़ पर लड़ रहे मनोज गुप्ता व विजय गुप्ता इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रख कर प्रचार में जुटे हैं। दिन भर जनसम्पर्क से पहले और बाद में रणनीतिक बैठकों का दौर भी निरन्तर जारी है। अधिक सदस्यों वाले व्यापारिक व औद्योगिक समूहों और उनके लीडर माने जाने वाले लोगों से मेल-मुलाकात करके अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाया जा रहा है।
तीन प्रत्याशियों ने अपना पैनल बनाकर सयुंक्त रूप से वोट मांगना शुरू कर दिया है, तो इससे शेष प्रत्याशी भी सतर्क हो गए हैं और उन्होंने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। सूत्रों का दावा है कि अभी भले ही संयुक्त रूप से वोट मांगे जा रहे हों, लेकिन चुनावों के नजदीक आते-आते एकल वोट के लिए प्रयास शुरू हो जाएंगे।



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

1 Comments

  1. प्रिय संजय भाई प्रणाम, आपके व्हाट्सएप के द्वारा सब प्रकार के समाचार मिल जाते हैं चेंबर चुनाव की भी पूरी जानकारी आप से मिल रही है बहुत-बहुत धन्यवाद।
    योगेन्द्र सिंघल
    पूर्व अध्यक्ष
    USA

    ReplyDelete