जानिये, दिन भर क्या रहीं आगरा की हलचलें
आगरा, 23 मार्च। फतेहपुरसीकरी ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (वर्तमान में डाइट परिसर आगरा में संचालित) में वार्षिकोत्सव तथा कथा आठ का विदाई समारोह बहुत धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर एक माह से चल रहे आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा ब्यूटी पार्लर के प्रशिक्षण का समापन भी किया गया। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रमोद कुमार तथा ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण शालू शर्मा द्वारा दिया गया। विद्यालय की वार्डन सरिता सिंह ने बताया कि बालिकाएं प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र पाकर काफी उत्साहित हैं। विद्यालय की शिक्षिकाओं मिथलेश यादव, रीतु दुबे, कविता बघेल, अंजना शर्मा तथा रितु ने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
'काव्यामृत' और 'यादों के झरोखे से' का लोकार्पण
आगरा। सामाजिक संस्था यस वी कैन के बैनर तले बुधवार शाम सिकंदरा-बोदला रोड स्थित होटल वियून द्वारिका एवेन्यू में आगरा की वरिष्ठ महिला साहित्यकार राज फौजदार की दो साहित्यिक कृतियों- 'राज का काव्यामृत' और 'यादों के झरोखे से' का लोकार्पण किया गया।
अध्यक्षीय उदबोधन में केंद्रीय हिंदी संस्थान की निदेशक प्रोफेसर बीना शर्मा ने कहा कि गृहस्थी की व्यस्तताओं के बीच यह सृजनात्मक कर्मठता सराहनीय है। समारोह को विश्व साहित्य सेवा संस्थान के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्य अतिथि डॉक्टर देवेंद्र तोमर (मुरैना), विशिष्ट अतिथि पंडित गिरीश अश्क, बबीता चौहान, सुप्रसिद्ध बाइकर पल्लवी फौजदार, महेश धाकड़ और यस वी कैन की संस्थापक प्रीति फौजदार ने भी सम्बोधित किया। समारोह का संचालन कुमार ललित ने किया। कर्नल वैभव फौजदार ने आभार व्यक्त किया।
जयंती पर डॉ. लोहिया के आदर्शों की चर्चा
आगरा। डॉ. राम मनोहर लोहिया एक स्वतंत्रता सेनानी और गांधीवादी विचारों को मानने वाले थे। उन्होंने वंचित समुदायों के राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए भी काम किया। यह कहना था लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित किए गए डॉ. राम मनोहर लोहिया जयंती के अवसर पर अग्रवाल युवा संगठन के संरक्षक विनय अग्रवाल का।
संस्थापक विनोद अग्रवाल ने कहा कि स्वदेशी लोहिया का दिया हुआ समाजवाद है अगर लोहिया का समाजवाद होगा, तो भारत विश्व गुरु होगा। संचालन केएम सिंघल ने किया। धन्यवाद संयोजक दीपक अग्रवाल और मनीष गोयल ने दिया। इस दौरान मुरारी प्रसाद अग्रवाल, कुलवंत मित्तल, शकुन बंसल, संतोष अग्रवाल, विवेक गर्ग, शिवराम सिंघल, संजय अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, रीनेश मित्तल, विकास बंसल लड्डू, शीतल अग्रवाल, हेमलता अग्रवाल, राखी अग्रवाल, कपिल सिंघल आदि मौजूद रहे।
विद्यार्थी टोली ने निकाला भव्य पथ संचलन
आगरा।शहीदी दिवस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पश्चिम महानगर की विद्यार्थी टोली ने गोष्ठी की भव्य पथ संचलन निकाला।
गोष्ठी में मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक आनंद ने कहा आज के युवा को शहीद भगतसिंह, सुखदेव और राजगुरु की तरह होना चाहिए। अपने लिए तो सभी जी लेते हैं पर जो देश के लिए जीता है उसे सदियों तक याद रखा जाता है।
घोष के संग कदम से कदम मिलाते हुए स्वयंसेवकों ने पथ संचलन में भाग लिया पथ संचलन किदवई पार्क से प्रारंभ हुआ और बेसन बस्ती, बिल्लोचपुरा, मोतीकुंज, कारवान, लोहामंडी चौराहा मार्केट होते हुए राजामंडी किदवई पार्क पर समाप्त हुआ। जगह-जगह समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों ने पुष्प वर्षा करके भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल एके सिंह, विशिष्ट अतिथि प्राचीन कैलाश मंदिर के महंत श्री निर्मल गिरि, अमित गोस्वामी, विभाग संघचालक भवेंद्र, विभाग प्रचार प्रमुख मन मोहन निरंकारी, विजय गोयल आदि थे।
Post a Comment
0 Comments