आलू खुदाई के दौरान सोने के सिक्के निकले

नई दिल्ली। बिहार के सीमांत जिले बक्सर के एक गांव में आलू के खेत में काम करने के दौरान सोने के सिक्के मिलने की घटना सामने आई है।
यह मामला सोनबरसा थाना ओपी क्षेत्र के गिरधर बराव गांव का है। यहां आलू के खेत में काम करने के दौरान एक महिला को सोने के अति प्राचीन सिक्के मिले। महिला को खेत में खुदाई के समय पहले सोने का एक सिक्का मिला। उसने और खुदाई की तो दो और सिक्के मिले। खेत में सोने के सिक्के मिलने की खबर गांव में आग की तरफ फैली जिसके बाद गांव वाले भी खेत की तरफ दौड़े। इस दौरान एक और ग्रामीण को खुदाई में एक सोने का सिक्का मिला।
चर्चा इलाके में इतनी तेजी से हुई कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला और पुरुष से तीन सिक्के बरामद कर लिए। महिला से लेकर एक सिक्के को एक लड़के द्वारा 27 हजार रुपये में बेचे जाने की भी बात सामने आई है।  इससे यह पुष्टि हुई कि यह सिक्का वाकई सोने का है। 
मौके पर पहुंची पुलिस ने उक्त क्षेत्र को बैरिकेडिंग के द्वारा घेर दिया और पुरातत्व विभाग की टीम को इसकी सूचना दी गई। गांव के लोगों को खेत से दूर रखा जा रहा है और मामले की तफ्तीश की जा रही है कि आखिर खेत में सोने के प्राचीन सिक्के मिलने का राज क्या है।
स्थानीय लोगों की मानें तो जिस खेत से सोने के प्राचीन सिक्के मिले, वह खेत काफी दिनों से बंजर था, इस बार गांव के ही एक व्यक्ति ने उस खेत में आलू की खेती की। आलू की फसल निकालने के लिए गांव की महिलाएं खेत में काम कर रही थीं। उसी दौरान सोने के सिक्के मिले।


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments