विजय शिवहरे के जुलूस ने किया एमजी रोड जाम

आठ सौ मीटर की दूरी दो घण्टे में हुई पूरी
नामांकन पत्र भरने के नाम पर शक्ति प्रदर्शन
आगरा, 21 मार्च। विधान परिषद के लिए आगरा-फिरोजाबाद सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विजय शिवहरे ने आज नामांकन पत्र भरने के नाम पर अपने समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन किया। उनके जुलूस को आठ सौ मीटर की छोटी दूरी पूरी करने में करीब दो घण्टे से अधिक का समय लगा।
नामांकन जुलूस के कारण महात्मा गांधी मार्ग पर भीषण जाम लग गया। पुलिस ने भी रूट परिवर्तन नहीं किया। लोगों को पहले से जुलूस की जानकारी नहीं थी। ऐसे में एमजी रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। जाम के कारण वाहन चालकों को रास्ता बदलना पड़ा। जाम से पुलिस के हाथ पांव भी फूल गए। 
विजय शिवहरे सोमवार की सुबह 11 बजे वाल्मीकि वाटिका से अपने समर्थकों के साथ कलक्ट्रेट नामांकन करने निकले। उनके जुलूस में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और दर्जनों गाड़ियां थीं। जुलूस में समर्थक बुलडोजर में बैठकर चल रहे थे। वहीं, प्रत्याशी विजय शिवहरे को समर्थकों ने कंधे पर बैठा रखा था। जय श्रीराम के नारे लगाए जा रहे थे। जुलूस में भाजपा विधायक और अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे। वे दोपहर एक बजे करीब कलक्ट्रेट पहुंच पाये।


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments