चैम्बर: संजय और मयंक बने उपाध्यक्ष, मनोज कोषाध्यक्ष

शलभ शर्मा नेशनल चैम्बर के निर्विरोध अध्यक्ष घोषित
उपाध्यक्ष के दो पदों पर हुई कांटे की टक्कर
कोषाध्यक्ष के पद पर मनोज ने विजय को 260 मतों से हराया
आगरा, 14 मार्च। शलभ शर्मा नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स की आगरा शाखा के अध्यक्ष घोषित कर दिये गये। अग्रवन में आज भारी गहमा-गहमी के बीच हुए चुनावों में उपाध्यक्ष के दो पदों पर संजय गोयल और मयंक मित्तल को चुन लिया गया। कोषाध्यक्ष पद पर मनोज गुप्ता विजयी घोषित किए गए। उपाध्यक्ष पद पर संजय गोयल को 267 और मयंक मित्तल को 261 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रहे योगेश जिंदल को 257 और रामरतन मित्तल को 216 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर मनोज गुप्ता को 429 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी विजय गुप्ता को 169 मत मिले। मनोज 260 मतों से विजयी रहे।
कोषाध्यक्ष पद पर जहाँ मनोज गुप्ता को भारी अंतर से जीत मिली वहीं उपाध्यक्ष के दोनों पदों के लिए कांटे का मुकाबला रहा। प्रत्याशियों के बीच वोटों का अंतर काफी कम होने के कारण वोटों की गिनती को क्रॉस चेक करने की प्रक्रिया भी अपनाई गई।
चुनाव संचालन समिति के चेयरमैन प्रदीप कुमार वार्ष्णेय, को-चेयरमैन अतुल गुप्ता, अनिल वर्मा, मुकेश अग्रवाल, शांति स्वरूप गोयल, श्रीकिशन गोयल, सीताराम अग्रवाल ने विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की। उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने भी चुनाव संचालन समिति का सहयोग किया।
घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशियों को उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं से लाद दिया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर समर्थकों ने ठुमके लगाकर खुशी का इजहार किया।
इससे पहले चुनाव समिति ने सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर तीन बजे तक अपनी देखरेख में मतदान कराया और फिर मतगणना कराई। उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए कुल 606 मत पड़े और कोषाध्यक्ष पद के लिए 604 मत पड़े। चुनावों में अपेक्षा से अधिक मतदाताओं ने भाग लिया। एक दिन पहले तक माना जा रहा था कि मतदान में 400-450 मतदाता ही भाग लेंगे, लेकिन आज यह संख्या छह सौ से अधिक पहुंच गई।
फाउंड्री, जनरेटर उद्योग, कम्पोनेंट, शीतगृह उद्योग, फुटवियर, पर्यटन, होटल-रेस्टोरेंट के अलावा किराना, सर्राफा, कैमिकल व अन्य ट्रेडिंग क्षेत्रों के व्यापारियों, उद्यमियों ने मतदान के प्रति खासा उत्साह दिखाया। उपाध्यक्ष पद पर विजयी रहे संजय गोयल के लिये अन्य साथियों के साथ ही एकमा की टीम भी पूरी तरह से जुटी रही। एकमा के अमित जैन, मनोज गर्ग, अनुज अग्रवाल आदि अनेक लोग समर्थन जुटाते रहे।
कार्यकारिणी के 12 सदस्यों का निर्वाचन इस प्रकार रहा। इन सभी सदस्यों को सर्वसम्मति से चुना गया।
ग्रुप-1 राकेश सिंघल, मनोज बंसल।
ग्रुप-2 राकेश मित्तल, अमित अग्रवाल, संजीव कुमार गुप्ता।
ग्रुप-3 चंद्रमोहन खण्डेलवाल, राजकुमार भगत।
ग्रुप-4 अम्बा प्रसाद गर्ग, अभिषेक रल्ली, दिनेश माहेश्वरी।
ग्रुप-5 सतीश अग्रवाल, नितेश अग्रवाल।
ग्रुप-6 अतुल बंसल, मुरारी लाल गोयल, दिलीप शर्मा (भारद्वाज), शम्भू कुमार अग्रवाल।
ग्रुप-7 अनूप गोयल। 
ग्रुप-8 अखिलेश कुमार अग्रवाल।
ग्रुप-9 मनीष बंसल, नितिन अग्रवाल।
ग्रुप-10 विजय बंसल।
ग्रुप-11 कौशल किशोर सिंघल।
ग्रुप-12 सचिन सारस्वत।
ग्रुप एक, चार, छह, सात में कुछ सदस्यों को कॉप्ट किया जाना शेष है।




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments