राजनाथ ने चिर-परिचित अंदाज से आगरा के मतदाताओं को रिझाया


सपा पर लगाया तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप
रक्षा मंत्री की खेरागढ़ और आगरा ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सभा
आगरा, 05 फरवरी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज यहां कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। राजनाथ सिंह प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों का प्रचार कर रहे थे।
रक्षा मंत्री ने आगरा ग्रामीण एवं खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी बेबीरानी मौर्य और भगवान सिंह कुशवाह के समर्थन में मतदाताओं को संबोधित किया। खेरागढ़ में राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार 83 योगासनों पर काम कर रही है। बाकि बचा एक शीर्षासन विपक्ष के लिए छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को बनाने का काम करती है। विकास के काम को लेकर कोई भेदभाव नहीं करती है। मजहब और जाति की राजनीति भाजपा को स्वीकार नहीं है। 
रक्षामंत्री ने अपने चिर-परिचित अंदाज में लोगों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों से सवाल पूछे, तो जनता भी जवाब दिए। उन्होंने पूछा कि लोगों को सिलेंडर मिला या नहीं। राशन मिल रहा है या नहीं। किसान निधि भी खातों में आ रही होगी। इस दौरान खेरागढ़ के युवाओं ने सेना भर्ती के लिए आवाज उठा दी। इस पर रक्षा मंत्री ने भी जल्द भर्ती आयोजित करने का आश्वासन दिया। 
कांग्रेस पर हमला करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी कह रहे थे कि भारत और चीन के बीच गलवान में जो विवाद हुआ, उसमें भारतीय सेना के ज्यादा जवान मारे गए और चीन के तीन-चार सैनिक मारे गए। जबकि आस्ट्रेलिया के अखबार ने लिखा है कि चीन के 38 से पचास जवान मारे गए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारतीय सेना के जवानों के शौर्य पराक्रम पर सवालिया निशान लगा रही है। भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। जवानों के बुलंद हौसले देखता हूं, तो पूरी तरह आश्वस्त होता हूं कि दुनिया की कोई भी ताकत भारत के मान-सम्मान को चोट नहीं पहुंचा सकती।
रक्षा मंत्री ने कहा कि जहां तक उत्तर प्रदेश का प्रश्न है। गुंडे-बदमाश माफिया जेल में हैं। देश या प्रदेश में विकास की पहली शर्त होती है, कानून व्यवस्था का चुस्त-दुरुस्त होना। मुख्यमंत्री योगी ने कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने में कामयाबी हासिल की है। माफियाओं के बड़ी-बड़ी अट्टालिकाएं थीं, जो ध्वस्त की जा रही हैं। केंद्र और राज्य की सरकार मिलकर हर वर्ग का विकास का विकास कर रही है। किसान को समृद्ध तो युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। अंत में उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए लोगों से आश्वासन लिया।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments