अखिलेश ने पूछा, क्या मुख्यमंत्री कम्प्रेशर हैं?

आगरा, 04 फरवरी। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी ने आज यहां सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किये। समाजवादी विजय संकल्प यात्रा लेकर पहुंचे अखिलेश और जयंत ने केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर जमकर हमला बोला। नेताद्वय ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान भी जनता से गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा के अंदर मुख्यमंत्री कहते थे कि ठोक दो और बाहर कह रहे हैं कि गर्मी निकाल दूंगा। क्या ये एक मुख्यमंत्री की भाषा है? बाबा मुख्यमंत्री की भाषा पहली बार ऐसी नहीं हुई। क्या मुख्यमंत्री कंप्रेशर हैं, जो गर्मी निकाल देंगे। अखिलेश ने कहा कि जनता इनको वापस उत्तराखंड भेजने का मन बना चुकी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा न केवल यूपी के लिए बल्कि दुनिया में भारत का परिचय है। ताजमहल और यहां के कारोबार ने दुनिया में भारत और उप्र की प्रतिष्ठा बनाई है, लेकिन भाजपा सरकार में कारोबार पूरी तरह चौपट है। सरकार ने व्यापारियों के लिए कुछ नहीं किया। किसान की आय दोगुनी होनी थीं, वहां सरकार की गलत नीतियों के कारण आय नहीं बढ़ी। महंगाई बढ़ गई। कोरोना काल में आक्सीजन, बेड की जरूरत थी, तब सरकार कुछ नहीं कर पाई। बजट कहां चला गया, पता नहीं चला। वो तस्वीर कोई नहीं भूल सकता जब एक परिवार दूसरे को कैसे आक्सीजन दे रहा था।
सपा मुखिया ने कहा कि आगरा में बड़े काम जो दिखाई दे रहे हैं, सपा सरकार ने ही किए। गंगा का पानी यहां लाना था, सरकार बनने के बाद हम लेकर आए। मेट्रो सपा सरकार ने दी। भाजपा विकास को गति नहीं दे रही है। म्यूजियम अधूरा पड़ा है। छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा लगनी थी। एयरपोर्ट नहीं बन पाया। सपा सरकार बनी तो एनओसी के लिए फिर प्रयास करेंगे, हिरन गांव के पास एयरपोर्ट बनवाने का प्रयास करेंगे। यमुना एक्सप्रेस-वे से ताजगंज और हजरतगंज को जोड़ा है। इनर रिंग रोड पूरा नहीं बन पाया। सपा सरकार बनेगी तो ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसान बर्बाद न हों। गठबंधन की सरकार बनी तो आगरा में हैंडीक्राफ्ट इंस्टिट्यूट भी बनाया जाएगा।
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी भाजपा सरकार के दावों को खोखला बताया। उन्होंने कहा कि अम्बेडकर ने नागरिकों को जो अधिकार दिए उन मूल्यों को बचाने के लिए यही गठबंधन उप्र के मतदाताओं के लिए एक विकल्प है। लाठी, बुल्डोजर चलाने से आगरा का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने वायदा किया कि सपा और रालोद गठबंधन की सरकार में आगरा को विकास में प्राथमिकता दी जाएगी।


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments