यमुना एक्सप्रेस-वे पर फिर 100 की स्पीड
दिसम्बर में लगाया गया गति सीमा पर अंकुश 15 फरवरी से खत्म होगा
आगरा, 12 फरवरी। शहर को ग्रेटर नोएडा से जोड़ने वाले यमुना एक्सप्रेस-वे पर लगाया गया गति सीमा प्रतिबंध दो दिन बाद हटने जा रहा है। कोहरे के कारण दुर्घटनायें रोकने के लिये विगत दिसम्बर माह में यह प्रतिबंध लगाया गया था।
हल्के वाहनों की अधिकतम गति सीमा पूर्व की भांति 75 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 100 किमी प्रति घंटा हो जाएगी। भारी वाहनोंं की गति सीमा 55 किमी प्रति घंटा से 60 किमी प्रति घंटा हो जाएगी।
यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण द्वारा 165 किलोमीटर लम्बे एक्सप्रेस-वे पर विगत 15 दिसंबर को गति सीमा पर प्रतिबंध लगाया गया था। हल्के और भारी वाहनों के लिये पहले अधिकतम गति सीमा 100 से घटाकर 80 किमी और 60 से 55 किमी प्रति घंटा कर दी गई थी। छह दिन बाद ही इस गति को पांच किमी प्रति घंटा और घटा दिया गया था। अब 15 फरवरी से हल्के वाहन अधिकतम 100 किमी और भारी वाहन अधिकतम 60 किमी प्रति घण्टे की रफ्तार से चल सकेंगे।
प्राधिकरण से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि एक्सप्रेस-वे के सेंट्रल वर्ज से पत्थरों को हटाकर दोनों साइड में थ्राइस पिलर (अंग्रेजी का डब्लू लैटर के आकार वाला) क्रश बीम बैरियर लगा दिया गया है। दुर्घटनाओं की एक वजह सेंट्रल वर्ज पर लगे पत्थर भी थे। थ्राइस पिलर क्रश बीम बैरियर लगने से तेज रफ्तार से टकराने वाले वाहनों की गति का असर कम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आयेगी।
एक्सप्रेस-वे के खंदौली टोल प्रभारी तुलसीराम गुर्जर ने बताया कि 15 दिसंंबर, 2021 से अब तक एक्सप्रेस-वे पर कुल 32 दुर्घटनाएं हुईं और इनमें आठ लोगों की मौत हुई। ये मौतें चालकों को नींद आने के कारण हुईं। एक भी घटना स्पीड से संबंधित नहीं है।
Post a Comment
0 Comments