भाजपा: कल तय हो जायेंगे पहले चरण के अधिकांश प्रत्याशी!
आगरा। आगरा, मथुरा व अलीगढ़ समेत प्रदेश की 58 विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं के लिए अगले चौबीस घंटे बेहद अहम होने जा रहे हैं।
भाजपा चुनाव समिति की बैठक सोमवार को लखनऊ में होने जा रही है। इस बैठक में विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए प्रत्याशियों को अंतिम रूप दिया जायेगा। प्रदेश समिति सम्भावित प्रत्याशियों की सूची पर विचार करके उसे अंतिम मुहर लगाने के लिए केंद्रीय समिति को भेज देगी। माना जा रहा है कि प्रदेश समिति द्वारा सुझाये गए अधिकांशतः नामों पर ही केंद्रीय समिति अपनी मुहर लगा देगी। केवल विशेष परिस्थितियों में कुछेक सीटों पर अंतिम समय में फेरबदल की गुंजाइश हो सकती है। केंद्रीय समिति प्रत्याशियों की सूची घोषित करने में भले ही एक-दो दिन का समय लगा ले, पर अधिकांश दावेदारों की किस्मत दस जनवरी को लखनऊ में होने वाली बैठक में ही लिख जायेगी।
आगरा जिले की सभी नौ सीटों पर पिछले चुनावों में भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस बार सभी सीटों को बचाये रखना पार्टी के लिये बड़ी चुनौती है। सूत्रों का दावा है कि इस चुनौती से निपटने के लिए पार्टी कुछ सीटों पर प्रत्याशी बदल भी सकती है।
भाजपा की 24 सदस्यीय चुनाव समिति की कल कल की लखनऊ बैठक के बारे में यूं तो कहा जा रहा है कि इसमें प्रत्याशियों की सूची तैयार की जायेगी, लेकिन सूत्रों का दावा है कि लगभग सभी सीटों पर प्रत्याशियों के बारे में प्रदेश के शीर्ष नेताओं में सहमति बन चुकी है। बैठक में इन प्रत्याशियों के बारे में जानकारी देने की औपचारिकता भर ही शेष है। सम्भावना यह भी है कि निरन्तर जुटाये जा रहे फीडबैक के आधार पर कुछ सीटों पर आखिरी समय में पुनर्विचार कर लिया जाये।
इस लिहाज से भाजपा की टिकट के दावेदारों के लिए ये चौबीस घंटे बेहद अहम हैं। सभी टिकटार्थियों की निगाहें इस बैठक पर लगी हुई हैं और प्रत्याशियों की सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए वे हर स्तर पर प्रयास जारी रखे हुए हैं।
Post a Comment
0 Comments