भाजपा की सूची का बेसब्री से इंतजार, सपा-रालोद के पांच और कांग्रेस के सात प्रत्याशी घोषित

नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू, 20 जनवरी है अंतिम तारीख


आगरा। उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन द्वारा गुरुवार को जारी पहली सूची में आगरा की नौ सीटों में से पांच पर प्रत्याशी घोषित कर दिये गये। कांग्रेस ने भी सात सीटों पर उम्मीदवार घोषित किये हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अभी अपनी पहली सूची जारी नहीं की है। न केवल पार्टीजनों में बल्कि मतदाताओं में भी भाजपा की सूची को लेकर भारी उत्सुकता बनी हुई है।
भाजपा प्रत्याशियों की सूची को लेकर गुरुवार की रात्रि अचानक हलचल तेज हो गई और सोशल मीडिया पर सूची जारी होने के दावे किए जाने लगे। कुछ लोगों ने तो उम्मीदवारों के नाम तक जारी कर दिये। एक समाचार चैनल का हवाला देते हुए भाजपा प्रत्याशियों की सूची लीक होने का दावा किया गया, लेकिन तेजी से फैली इस खबर का चैनल प्रमुख ने ही खण्डन कर दिया। सूत्रों का कहना है कि भाजपा की पहली सूची तैयार है और शुक्रवार को किसी भी समय जारी कर दी जायेगी।
गौरतलब है कि जिले की सभी नौ सीटों पर 10 फरवरी को पहले चरण में मतदान होना है और इसके लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया कल शुक्रवार से शुरू हो रही है। नामांकन पत्र 20 जनवरी तक ही दाखिल किए जा सकेंगे। 
सपा-रालोद गठबंधन की पहली सूची में शामिल पांच प्रत्याशियों में कुछ पुराने तो कुछ नये चेहरे शामिल हैं। आगरा छावनी सीट पर सपा के कोटे से कुंवर सिंह वकील को प्रत्याशी घोषित किया गया है। बाह से सपा ने पूर्व विधायक व पार्टी जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। वह वर्ष 2007 में बसपा से विधायक रह चुके हैं। तीन सीटें रालोद के खाते में गई हैं। आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी और खेरागढ़। इसमें ग्रामीण से महेश कुमार जाटव, फतेहपुर सीकरी से ब्रजेश चाहर और खेरागढ़ से रौतान सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। फतेहपुर सीकरी सीट पर कई बार प्रत्याशी रह चुके ब्रजेश चाहर पर पार्टी ने एक बार फिर से भरोसा जताया है। ग्रामीण सीट पर रालोद की तरफ से पूर्व विधायक कालीचरन सुमन मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। वह बसपा के विधायक रह चुके हैं। कुछ महीने पहले ही वह रालोद में शामिल हुए थे। मगर, अंतिम समय में वह दावेदारी से पिछड़ गए। पार्टी ने उनके स्थान पर महेश कुमार जाटव को प्रत्याशी घोषित किया है। आगरा दक्षिण, उत्तर के साथ ही फतेहाबाद और एत्मादपुर सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा अभी नहीं हुई है।
कांग्रेस की पहली सूची में आगरा की सात सीटों पर प्रत्याशी घोषित किये गए हैं। छावनी और फतेहपुर सीकरी की सीट पर अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किये गए हैं। सात में से दो सीटों पर महिलाओं को मौका दिया गया है। बाह से पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित और एत्मादपुर से शिवानी बघेल को प्रत्याशी घोषित किया गया है। मनोज दीक्षित आगरा की जिलाध्‍यक्ष रहीं हैं और टोरंट पावर प्रकरण में लगे आरोपों को लेकर उन्‍हें पद से हटाया गया था लेकिन वे पार्टी में लगातार सक्रिय रहीं। इसके अलावा आगरा दक्षिण से पूर्व पार्षद अनुज शर्मा, आगरा उत्तर से विनोद बंसल, आगरा ग्रामीण से उपेंद्र सिंह, खेरागढ़ से रामनाथ सिकरवार, फतेहाबाद से होतम सिंह निषाद प्रत्याशी बनाये गये हैं। विनोद बंसल पूर्व में मेयर का चुनाव भी लड़ चुके हैं।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments